Lucknow News: ग्लोरियस लाइफ फाउंडेशन की अनूठी पहल, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोग हुए लाभान्वित

Lucknow News: सामाजिक सेवा के लिए समर्पित संस्था ग्लोरियस लाइफ फाउंडेशन की ओर से लखनऊ के रुस्तम नगर स्थित ऐतिहासिक दरगाह हजरत अब्बास परिसर में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं तथा चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना था।

यह शिविर फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष एजाज अली के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में एजाज अली जनकल्याण और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। इसके साथ ही वह शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के साथ वकालत के क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में ग्लोरियस लाइफ फाउंडेशन समाज के जरूरतमंद वर्गों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच की गई। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। सुबह से ही शिविर में स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रही।

शिविर में डॉ. मुजफ्फर मुजाहिद, डॉ. मोहम्मद मेहदी, डॉ. नबील, डॉ. जॉन और डॉ. अनस ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, व्यवस्थाओं में मोहम्मद इबाद, फरहा फातिमा, अजमी, अजरा जीलानी, दानिश और बासित अली ने सहयोग किया।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोग हुए लाभान्वित

जरूरतमंद तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना मकसद

इस अवसर पर एजाज अली ने कहा कि ग्लोरियस लाइफ फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम और जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा सामाजिक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के चिकित्सा शिविरों से बीमारियों की समय पर पहचान करने में मदद मिलती है और जरूरतमंद लोगों को उपचार के संबंध में तत्काल मार्गदर्शन प्राप्त होता है।

एजाज अली ने शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों और आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि फाउंडेशन भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे जनहितकारी चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी रखेगा। ग्लोरियस लाइफ फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह शिविर जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

Also Read: अखिलेश यादव ने पीडीए के प्रमाणपत्र का किया ऐलान, 26 नवंबर को जारी होगा जन-मन का घोषणापत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.