अखिलेश यादव ने पीडीए के प्रमाणपत्र का किया ऐलान, 26 नवंबर को जारी होगा जन-मन का घोषणापत्र
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पीडीए का प्रणपत्र जारी करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए घोषणा की है कि संविधान दिवस के पावन अवसर पर यानी 26 नवंबर 2026 को जन-मन का मैनीफेस्टो सार्वजनिक किया जाएगा।
सपा प्रमुख ने इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ का नाम दिया है। पार्टी का मानना है कि यह मैनीफेस्टो आम जनता के मन की बात, उनके अधिकारों और उनकी अपेक्षाओं को चुनावी विमर्श के केंद्र में रखेगा। लोकसभा चुनाव 2024 में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले से मिली भारी सफलता के बाद, सपा लगातार इसी समीकरण को अपनी राजनीतिक ताकत बना रही है। पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के मुद्दों को उठाकर लगातार भाजपा सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र
‘संविधान दिवस’ 26 नवंबर 2026 के लोकतांत्रिक पावन अवसर पर हम जारी करेंगे ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 19, 2026
भले ही विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन अखिलेश यादव ने अपनी रणनीतिक तैयारियां बहुत पहले से तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व का पूरा फोकस पीडीए वर्ग को एकजुट करने के साथ-साथ भाजपा के असंतुष्ट और बागी नेताओं को अपने पाले में लाने पर भी है, ताकि चुनावी समीकरणों को और अधिक मजबूत किया जा सके। अब देखना यह होगा कि 26 नवंबर को जारी होने वाले इस ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ में पार्टी किन प्रमुख वादों और मुद्दों को प्राथमिकता देती है।

