22 दिन CJP के साथ किया अनशन, अब राहुल गांधी संग दिखीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा

AISA President: जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन और भूख हड़ताल के दौरान चर्चा में रहीं जेएनयू की पीएचडी छात्रा और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 22 दिन के अनशन के बाद 20 जुलाई को अभिनेत्री शबाना आजमी ने उनका अनशन खत्म कराया था।

इसके बाद वह सार्वजनिक तौर पर कम दिखाई दीं, लेकिन अब राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ नजर आईं। इस दौरान राहुल गांधी छात्रों की मांगों और कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे थे। उनके संबोधन के बाद नेहा बोरा ने भी मीडिया के सामने अपनी बात रखी।

राहुल गांधी का जताया आभार 

नेहा बोरा ने छात्रों की आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था के गंभीर मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो रही है। उनका आरोप था कि बिहार में छात्रों को हिरासत में लिया गया और कई छात्र लापता हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें स्पष्ट हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए, 20 जुलाई की घटनाओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घायल छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन मांगों पर कोई समझौता नहीं होगा।

कौन हैं नेहा बोरा

नेहा बोरा उत्तराखंड की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और आंबेडकर विश्वविद्यालय से परास्नातक की पढ़ाई की है। फिलहाल वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स में शोध कर रही हैं। वह थिएटर से भी जुड़ी हैं और AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

उन्होंने सोनम वांगचुक के साथ भूख हड़ताल शुरू की थी। आमीन अमितोज और मनीष कुमार भी इस अनशन में शामिल थे। तीनों ने 20 जुलाई को अपना अनशन समाप्त किया था।

Also Read: हर समय थकान, बढ़ती पेट की चर्बी और कमजोरी? पुरुषों में इस हार्मोन की कमी हो सकती है वजह 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.