‘मैं पाकिस्तान का सांसद नहीं हूं’, दिशा बैठक में अधिकारियों पर भड़के सपा सांसद
UP Desk Sandesh Wahak: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान धौरहरा से समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। अधिकारियों के रवैये से नाराज सांसद ने बैठक में ही अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बैठक के दौरान Anand Bhadauria ने आरोप लगाया कि उनके संसदीय क्षेत्र में होने वाले कई कार्यक्रमों और विकास कार्यों में उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न तो उन्हें उद्घाटन कार्यक्रमों में बुलाया जाता है और न ही शिलापट्टों पर उनका नाम शामिल किया जाता है।
‘मैं पाकिस्तान का सांसद नहीं हूं’

अधिकारियों के सामने नाराजगी जाहिर करते हुए सांसद ने कहा, “मैं कोई पाकिस्तान का सांसद नहीं हूं, मैं इसी हिंदुस्तान का सांसद हूं और जनता ने मुझे चुनकर भेजा है।”
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान और प्रोटोकॉल सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। विपक्षी सांसद होने के कारण किसी जनप्रतिनिधि की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
Anand Bhadauria के इस बयान के बाद बैठक में कुछ देर के लिए माहौल गंभीर हो गया। वहीं, अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सपा सांसद ने साफ कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों और सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को उचित महत्व दिया जाना चाहिए। मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया है।
Also Read: Lucknow News: STF को मिली बड़ी सफलता, फर्जी आयुष्मान कार्ड गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

