मेरी हत्या कराई जा सकती है, मुझे Z सिक्योरिटी चाहिए: आज़म ख़ान
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं और लगातार अपने समर्थकों से मुलाकात कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक न्यूज़ एजेंसी को दिए इंटरव्यू में सुरक्षा, आर्थिक स्थिति, और मौजूदा सियासी हालात पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने लिए Z सुरक्षा की मांग भी की है।
‘मेरी हत्या कराई जा सकती है’
इस दौरान आजम खान ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि उन्हें वाई नहीं, बल्कि ज़ेड श्रेणी की सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग उनका विरोध करते हैं, उनके पास जेड सिक्योरिटी है, “वो लोग मेरी हत्या करा सकते हैं।” आजम ने कहा कि मौजूदा वाई कैटेगरी सिक्योरिटी उनके लिए नाकाफी है।
सपा नेता ने कहा कि अब उनके पास कुछ भी नहीं बचा है। उनकी आर्थिक हालत बेहद खराब है, उन्होंने कहा कि, मैं घर बेचना चाहता हूं ताकि खर्च पूरे कर सकूं, लेकिन लोग कहते हैं अगर तुम्हारा घर खरीदा तो सरकार खा जाएगी, प्रशासन खा जाएगा। उन्होंने कहा कि मीडिया ट्रायल ने उनकी छवि और ज़िंदगी दोनों को नुकसान पहुंचाया। हम पर वो गुनाह लादे गए जो हमने कभी सोचे भी नहीं थे। निचली अदालतों से हमें सदमे मिले, लेकिन हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने हमें इंसाफ दिया।

“अखिलेश यादव से पुराने रिश्ते”
आजम खान ने बताया कि जब वे जेल में बंद थे, तब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उनसे कई बार मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि उनका अखिलेश परिवार से 45 साल पुराना रिश्ता है, जो अब भी कायम है।
आजम खान ने इंडिया गठबंधन को सलाह देते हुए कहा कि, अगर इंटरनेशनल एजेंसी से चुनाव कराया जाए तो हम विरोधियों की ज़मानत जब्त करा देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमानों की नुमाइंदगी उन लोगों को करनी चाहिए जो वाकई समुदाय की आवाज़ हों, महज़ टोपी ओढ़कर बैठ जाने से कोई मुसलमानों का नुमाइंदा नहीं बन जाता।
“हमारी सरकार आएगी तो बदला नहीं, इंसाफ़ होगा”
आजम उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तो किसी से बदला नहीं लिया जाएगा, लेकिन इंसाफ़ ज़रूर किया जाएगा। बीजेपी नेता राघवेंद्र सिंह के मुस्लिम लड़कियों पर दिए विवादित बयान पर उन्होंने कहा,बसपा सुप्रीमो का शुक्रिया जिन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन जाहिलों की बात का जवाब देने से बेहतर है चुप रहना।
रामपुर सांसद और नवाबों पर तंज
आजम खान ने रामपुर के सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर भी निशाना साधा और कहा, “उन्हें टिकट मुकद्दर से मिला और वो मुकद्दर से ही जीत गए। वहीं रामपुर के नवाबों को लेकर उन्होंने तंज कसा और कहा कि, अब उनके महलों पर कुत्ता भी टांग उठाने वाला नहीं, रिक्शा वाला भी उन्हें नहीं पूछता।
गौरतलब हो कि जेल से बाहर आने के बाद आजम खान के बयान एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर रहे हैं। अब देखना होगा कि उनकी यह सक्रियता समाजवादी राजनीति में उन्हें दोबारा कितना प्रभावशाली बनाती है।
Also Read: इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर दादी को याद कर बोले राहुल गांधी, भारत की अस्मिता से बड़ा कुछ नहीं

