ICC Annual Conference: वनडे क्रिकेट और WTC पर ICC के बड़े फैसले, USA-कनाडा पर भी लिया अहम निर्णय

Sports News: स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में 8 से 11 जुलाई तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की वार्षिक बैठक में क्रिकेट के भविष्य से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में वनडे क्रिकेट के प्रारूप, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC), सदस्य देशों और निलंबित क्रिकेट बोर्डों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय सामने आए।

आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल वनडे क्रिकेट को 50 ओवर से घटाकर 40 ओवर करने की कोई योजना नहीं है।

पिछले कुछ समय से दर्शकों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से वनडे को छोटा करने की चर्चा चल रही थी, लेकिन परिषद ने मौजूदा प्रारूप में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है।

WTC में टीमों की संख्या नहीं बढ़ेगी

वार्षिक बैठक में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीमों की संख्या बढ़ाने पर भी कोई निर्णय नहीं लिया गया।

फिलहाल, WTC में नौ टीमें ही हिस्सा लेंगी। अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे को शामिल कर टीमों की संख्या 12 करने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन आईसीसी ने इस प्रस्ताव पर आगे बढ़ने के संकेत नहीं दिए।

ICC Annual Conference

आईसीसी ने अमेरिका (USA Cricket) और कनाडा (Cricket Canada) के क्रिकेट बोर्डों पर लगाया गया निलंबन भी फिलहाल जारी रखने का फैसला किया है। दोनों बोर्डों की स्थिति की समीक्षा भविष्य में की जाएगी, लेकिन अभी उनके निलंबन में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

मॉरीशस बना ICC का 111वां सदस्य

वार्षिक सम्मेलन में मॉरीशस को आईसीसी की एसोसिएट सदस्यता भी प्रदान की गई। इसके साथ ही मॉरीशस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का 111वां सदस्य देश बन गया है।

आईसीसी के इन फैसलों से साफ है कि फिलहाल क्रिकेट के प्रमुख प्रारूपों में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि वैश्विक स्तर पर खेल के विस्तार के लिए नए सदस्य देशों को लगातार जोड़ा जा रहा है।

Also Read: इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच बनने की दौड़ में राहुल द्रविड़, रिपोर्ट में शॉर्टलिस्ट होने का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.