कानपुर हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो, दो मासूमों समेत 3 की मौत
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।
गैस कटर से काटे गए गाड़ी के परखच्चे
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, स्कॉर्पियो (HR 14 M 9501) में करीब 8 लोग सवार थे और गाड़ी फतेहपुर की तरफ जा रही थी। कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। अत्यधिक गति होने के कारण चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सर्विस लेन में खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी घातक थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया और लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से गाड़ी की बॉडी को काटा और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल भिजवाया।
चश्मदीदों ने बताया कि दुर्घटना के वक्त ट्रक सर्विस लेन में खड़ा था। टक्कर लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया, जिसका फायदा उठाकर ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पर तैनात पीआरवी-7059 अलर्ट हुई और पुलिस टीम ने करीब 13 किलोमीटर तक पीछा करके महाराजपुर के तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक को रोक लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए ट्रक ड्राइवर आदर्श सिंह (निवासी मिर्जापुर) ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी गाड़ी को हाईवे की सर्विस लेन में पार्क करके केबिन में सो रहा था। इसी बीच पीछे से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से वह बुरी तरह घबरा गया था और जेल जाने के डर से वहां से भाग निकला था।
मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
महाराजपुर थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल में भर्ती चार घायलों में से कुछ की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस अधिकारी अब मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क कर उनकी पहचान सुनिश्चित करने में जुटे हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे की मुख्य वजह कार की अत्यधिक रफ्तार को ही माना जा रहा है।
Also Read: ICC Annual Conference: वनडे क्रिकेट और WTC पर ICC के बड़े फैसले, USA-कनाडा पर भी लिया अहम निर्णय

