‘एक दिन के लिए पुलिस हटा दी जाए तो…’, बीजेपी पर क्यों भड़के अरविंद केजरीवाल?
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के सुरेंद्र नगर जिले में आयोजित ‘किसान महापंचायत’ को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बेहद तीखे और आक्रामक हमले किए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को अपने शासन का घमंड हो गया है और अब किसानों के अंदर भाजपा के ख़िलाफ़ बहुत गुस्सा है।
भाजपा को खुली चुनौती
केजरीवाल ने किसानों के गुस्से को व्यक्त करते हुए भाजपा को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा “आज किसानों के अंदर इतना गुस्सा है। ये बीजेपी वाले एक नंबर के कायर हैं। पुलिस को आगे करते हैं। मैं कहता हूँ, एक दिन के लिए पुलिस का सहारा छोड़ दो… एक दिन पुलिस को पीछे कर दो, पूरे गुजरात में बीजेपी वालों का जीना हराम कर देंगे। ये किसान बीजेपी वालों को घर से निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे। ऐसा मारेंगे कि इनको शरण नहीं मिलेगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि 30 साल तक किसानों ने भाजपा को वोट दिया, लेकिन पार्टी ने उन्हें सिर्फ़ कष्ट दिया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने “बहुत मलाई खा ली है, अब इन्हें लूटने नहीं देंगे।” उन्होंने बताया कि 400 से ज़्यादा मंडियों में किसान एकत्रित होकर आंदोलन कर रहे हैं।
ट्रंप और भाजपा की “कायरता” पर तंज
केजरीवाल ने बिना किसी का नाम लिए भाजपा नेताओं की ‘कायरता’ पर तंज कसते हुए उन्हें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले इतने कायर हैं कि रोज़ ट्रंप इनको धमकी देता है, और उसके सामने इनकी नहीं चलती।
उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप के कहने पर भाजपा वाले अमेरिका से आने वाले कपास पर इंपोर्ट ड्यूटी हटा देते हैं और रूस से तेल खरीदना बंद कर देते हैं। केजरीवाल ने कहा, “ट्रंप के सामने इनकी पैंट गीली हो जाती है। ट्रंप के सामने इनकी नहीं चलती। गरीब किसानों को जेल भेजते हैं। शर्म करो, अगर मर्द के बच्चे हो तो ट्रंप को धमकी देकर दिखाओ।”
Also Read: SIR में ‘जाति कॉलम’ की मांग पर घमासान, ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर पलटवार, कही ये बात

