“काम नहीं होता तो लोग चाय पीने निकल पड़ते हैं”, नितिन नवीन पर अखिलेश यादव का तंज

Akhilesh Yadav: लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अखिलेश यादव ने 2012 से 2017 तक की समाजवादी पार्टी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि उनके आने से ऐसा लगा मानो सरकार और संगठन के बीच युद्ध चल रहा हो।

अखिलेश ने व्यंग्य में कहा कि “जब किसी के पास काम नहीं होता, तो लोग चाय पीने निकल पड़ते हैं” इशारा उस चाय दुकान की ओर था, जहां भाजपा अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों के साथ पहुंचे थे।

राम मंदिर चढ़ावा और आस्था का मुद्दा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसका संज्ञान पूरे विश्व के रामभक्तों, सनातन समाज और सुप्रीम कोर्ट को लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दस साल के शासन में बताने लायक बड़ी उपलब्धि नहीं है, इसलिए आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार में आपसी टकराव का दावा करते हुए कहा कि “खजाना देखकर लोग बौरा गए हैं” और “चोर को चोर ही नजर आते हैं।”

चुनाव, कानून और विदेश नीति

अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेताओं के कथित घपलों से राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने साफ किया कि सपा फर्जी एमओयू नहीं करेगी और चुनाव में वोट चोरी व प्रत्याशी मैनेजमेंट पर कड़ी नजर रखेगी।

सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार करने वालों के खिलाफ एफआईआर की चेतावनी भी दी। विदेश नीति पर उन्होंने कहा कि चीन से खतरा बढ़ रहा है और सबसे ज्यादा जमीन चीन ने कब्जाई है, लेकिन केंद्र सरकार चुप है।

संगठनात्मक तैयारी और विकास के दावे

इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की रणनीति बनी। उन्होंने अधिक से अधिक मतदाता जोड़ने का अभियान चलाने की बात कही। अखिलेश ने दावा किया कि हरदोई का पेप्सी बॉटलिंग प्लांट सपा सरकार के प्रयासों से लगा, जबकि चक गंजरिया प्रशिक्षण संस्थान की शुरुआत भी सपा काल में हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कैंसर इंस्टीट्यूट का काम अधूरा है और जेपीएनआईसी को बर्बाद किया गया। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.