‘सलमान के साथ काम किया तो अगला नंबर तुम्हारा’, टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद लॉरेंस गैंग की धमकी

Tiger Shroff Firing: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद सलमान खान (Salman Khan) के साथ काम करने वाले लोगों को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर अनिल पंडित के नाम से सामने आए पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।

पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधू का नाम लेते हुए कहा गया है कि जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में उनकी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा।

रविवार शाम हुई इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है। दोनों को इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पोस्ट में क्या लिखा?

सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, “जय महाकाल… जय श्री राम। राम राम जी सभी भाइयों को। आज जो ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी, मैं अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने कॉल कर के समझाया था, पर इसको समझ नहीं आई, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह से समझा दिया।”

पोस्ट में आगे सलमान खान के साथ काम करने वालों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। साथ ही दूसरे गैंगों को भी चेतावनी दी गई है। हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और फायरिंग में गैंग की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

JPVD ग्राउंड के पास हुई फायरिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना (Tiger Shroff Firing) जुहू के जेवीपीडी ग्राउंड के पास हुई। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर बाहर निकल रहे थे। उनकी गाड़ी निकलते समय कुछ प्रशंसक वहां जमा थे। इसी दौरान बाइक पर आए तीन लोगों ने 3-4 राउंड फायरिंग की और फरार हो गए।

घटना के बाद मुंबई पुलिस ने हमलावरों की तलाश और जांच के लिए 15 विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और फायरिंग (Tiger Shroff Firing) के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Also Read: टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी! ड्राइवर और ऑटो चालक भी घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.