टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी! ड्राइवर और ऑटो चालक भी घायल
Firing On Tiger Shroff: मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक सवार हमलावरों ने अभिनेता की गाड़ी को निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की भी खबर है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) से जुड़े होने का दावा करते हुए फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम लिखे गए हैं। पोस्ट में दावा किया गया कि Tiger Shroff को पहले फोन करके समझाया गया था, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से पोस्ट
सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट में लिखा गया, “जय महाकाल… जय श्रीराम…. सभी भाइयों को राम राम… आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है. इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. हमने इसको कॉल करके समझाया था. लेकिन इसे समझ नहीं आया.”
पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और घटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस, 12 टीमें गठित
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 12 टीमें बनाई हैं। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ फायरिंग के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है।
फिलहाल Tiger Shroff सुरक्षित हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Also Read: नेहा सिंह राठौर के समर्थन में आईं कंगना रनौत, बोलीं- TRP के लिए महिला को बदनाम करना नीचता

