IIFA Awards: IIFA अवॉर्ड्स के 25 साल हुए पूरे, सिल्वर जुबली पर PM मोदी ने दी शुभकामनाएं
IIFA Awards: हाल ही में राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित हुए IIFA Awards 2025 का समापन भव्य अंदाज में हुआ। इस अवॉर्ड शो ने अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाई, जिसे कार्तिक आर्यन और करण जौहर ने होस्ट किया। इस खास मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज सितारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। शाहरुख खान, करीना कपूर और नोरा फतेही की परफॉर्मेंस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर IIFA और भारतीय सिनेमा से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने विशेष संदेश में IIFA के योगदान की सराहना की और इसके आगामी वर्षों की सफलता की कामना की।
IIFA 2025 पर PM मोदी का खास संदेश

IIFA के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पीएम मोदी द्वारा भेजा गया संदेश साझा किया गया। इस पत्र में उन्होंने लिखा, “मुझे यह जानकर अत्यंत हर्ष हो रहा है कि अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (IIFA) अपने 25वें संस्करण का जश्न मना रही है। यह ढाई दशक का सफर उन सभी लोगों की मेहनत और समर्पण को दर्शाता है जिन्होंने IIFA को यादगार बनाया है – निर्माता, निर्देशक, कलाकार, संगीतकार, तकनीशियन और सिनेमा से जुड़े हर व्यक्ति ने इस अवॉर्ड शो को विशेष बनाया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “IIFA जैसे मंच भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहचान को मजबूत करने और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह 25वां संस्करण अगले 25 वर्षों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।”
IIFA 2025 का टीवी टेलीकास्ट कब और कहां देखें?

IIFA 2025 का प्रसारण 16 मार्च, रविवार को रात 8 बजे जी टीवी पर किया जाएगा। बता दे, इस समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी भी शामिल हुए। समारोह की शुरुआत करण जौहर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को पढ़कर की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
‘लापता लेडीज’ ने जीते 10 अवॉर्ड्स

बता दे, इस साल IIFA में ‘लापता लेडीज’ ने धमाल मचाया और 10 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार जीते। यह अवॉर्ड शो इस बार न केवल बॉलीवुड की प्रतिभाओं का जश्न था, बल्कि भारतीय सिनेमा की नई ऊंचाइयों को दर्शाने वाला मंच भी बना।

