IIT Kanpur Placement 2025: BTech CSE का 100% प्लेसमेंट, 83% छात्रों को मिली मोटी सैलरी

IIT Kanpur Placement 2025-26: आईआईटी कानपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, इस बार संस्थान के 83 फीसदी छात्रों को मल्टीनेशनल कंपनियों में आकर्षक पैकेज पर नौकरी मिली है। वहीं 32 छात्रों को विदेशों में नौकरी के अवसर प्राप्त हुए हैं। संस्थान का कहना है कि इस वर्ष प्लेसमेंट का प्रदर्शन पिछले साल की तुलना में बेहतर रहा है। नौकरी पाने वाले छात्रों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ कैंपस प्लेसमेंट में शामिल होने वाली कंपनियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।

1,295 छात्रों को मिला प्लेसमेंट 

आईआईटी कानपुर के मुताबिक, कुल 1,562 छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) सहित अवसर मिले, जिनमें से 1,295 छात्रों ने आकर्षक पैकेज वाली नौकरियां हासिल कीं। बीटेक, एमएस, डबल मेजर और इंटीग्रेटेड डिग्री कार्यक्रमों में 85 फीसदी छात्रों का चयन हुआ।

कंप्यूटर साइंस विभाग ने 100 फीसदी प्लेसमेंट हासिल कर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। संस्थान के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में छात्रों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक माहौल मिलने का असर प्लेसमेंट पर भी साफ दिखाई दिया।

डबल मेजर और एमडेस रहे सबसे आगे 

एमटेक, एमएससी, एमबीए, एमडेस और पीएचडी के 79 फीसदी छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ। इस बार 400 से अधिक कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया और 254 प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिए। इंटर्नशिप के लिए 638 ऑफर्स आए, जिनमें से 598 छात्रों ने स्वीकार किए।

कोर्सवार प्रदर्शन में डबल मेजर (97%), एमडेस (94%), ड्यूल डिग्री (93%) और एमएससी (84%) आगे रहे, जबकि एमबीए (81%) और एमटेक (76%) का प्लेसमेंट अपेक्षाकृत कम रहा। विभागवार आंकड़ों में केमिकल और कंप्यूटर साइंस में 100% और 99%, इलेक्ट्रिकल में 94%, मैकेनिकल तथा मैथ्स एंड साइंटिफिक कंप्यूटिंग में 88% प्लेसमेंट दर्ज किया गया। वहीं एसपीएएसई और एसईई में 33-33% तथा एमएसपी में 14% प्लेसमेंट रहा।

Also Read: CJP के बाद अब किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील, हाईवे बंद, भारी पुलिस बल तैनात 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.