एटा: मेले में चाऊमीन खाते ही 12 साल की तनु की मौत! सांस की नली में फंसा टुकड़ा

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मिरहची कस्बे में रहने वाली 12 साल की तनु की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। वह सोमवार को रामनवमी के अवसर पर अपने परिवार के साथ कासगंज स्थित मां चामुंडा मंदिर में दर्शन करने गई थी। दर्शन के बाद परिवार मेले में घूमने लगा, जहां चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दर्शन के बाद मेले में खाई थी चाऊमीन

मिरहची निवासी शरद श्रीवास्तव का परिवार रामनवमी पर घर में कन्या-लांगुरों को भोजन कराने के बाद मां चामुंडा के दर्शन करने कासगंज पहुंचा था। मंदिर में पूजा के बाद सभी लोग परिसर में लगे मेले में घूमने लगे। इस दौरान परिवार ने आइसक्रीम, चाऊमीन और अन्य खाने-पीने की चीजें खरीदीं। तनु ने भी परिवार के सदस्यों के साथ चाऊमीन खाई।

परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद ही तनु की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बताया गया कि चाऊमीन का एक टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया था, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। बच्ची की हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उसे तुरंत कासगंज के कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खुशियों के बीच पसरा मातम

तनु की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। रामनवमी पर दर्शन और मेले में घूमने निकले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन सदमे में हैं। परिवार के मुताबिक, तनु के पिता शरद श्रीवास्तव के पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Also Read: कुशीनगर में नवरात्रि मेला देखकर लौट रहे 4 दोस्तों की मौत, पेड़ से टकराई कार, 3 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.