18 बार फोन के बाद भी नहीं उठाया कॉल, एटा DM पर भड़कीं मंत्री बेबी रानी मौर्य
Etah News: एटा में बुधवार को महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य और जिलाधिकारी अरविंद सिंह के बीच फोन को लेकर नाराजगी सामने आई। मंत्री का कहना था कि उन्होंने डीएम को 18 बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर उन्होंने कार्यक्रम के दौरान डीएम से नाराजगी जताते हुए कहा, “नहीं, गलत बात है। यह नहीं चलेगा। आपको फोन उठाना चाहिए।”
मंत्री ने बताया कि वह जिले में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए फोन कर रही थीं। उन्होंने डीएम से कहा कि वह व्यवस्थाओं के बारे में पूछना चाह रही थीं, लेकिन उनसे बात नहीं हो रही थी। प्रोटोकॉल का जिक्र करते हुए मंत्री ने यह भी सवाल किया कि क्या डीएम उनसे बड़े हैं, इसलिए फोन पर बात नहीं करेंगे।
बुके लेने से भी किया इनकार
बेबी रानी मौर्य बुधवार को एटा कलेक्ट्रेट सभागार के कार्यक्रम में पहुंची थीं। यहां रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को साड़ी और मिठाई बांटी गई। उन्होंने 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में डीएम की ओर से दिया जाने वाला बुके भी मंत्री ने लेने से मना कर दिया। इससे कुछ देर के लिए माहौल असहज हो गया। इस घटना का वीडियो गुरुवार दोपहर सामने आया। बताया गया कि इससे पहले झांसी में भी अधिकारियों के रवैये को लेकर मंत्री से जुड़ा ऐसा मामला सामने आया था।
कौन हैं एटा के DM अरविंद सिंह
अरविंद सिंह 2015 बैच के यूपी कैडर के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने BHU से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में BTech और IIM लखनऊ से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में PG डिप्लोमा किया है। 21 अप्रैल 2026 को प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें एटा का डीएम बनाया गया था। इससे पहले वह राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त थे। वह बलरामपुर DM, KDA उपाध्यक्ष और लखीमपुर खीरी CDO भी रह चुके हैं। एटा में उन्होंने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई कर कई वाहन जब्त कराए हैं।
Also Read: सरकारी स्कूल का वीडियो X पर डालना पड़ा भारी, वाराणसी में AAP प्रवक्ता गिरफ्तार

