Ghaziabad News: 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने पिता को मारीं 6 गोलियां, आरोपी फरार

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात शराब के नशे में घर पहुंचे 32 वर्षीय निखिल ने अपने पिता हरिओम चौधरी (52) पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। गोलियां उनके चेहरे, सीने और पेट में लगीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शराब पीकर घर पहुंचा था आरोपी

एसीपी भास्कर वर्मा के अनुसार, हरिओम चौधरी ने पत्नी मीनाक्षी और छोटे बेटे नीशू के साथ खाना खाया था। देर रात निखिल शराब पीकर घर पहुंचा तो पिता ने उसे डांट दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। निखिल ने पिस्टल निकालकर गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई के दौरान पिता पर छह राउंड फायर कर दिए। शोर सुनकर परिवार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था।

पहले भी भाई पर चला चुका था गोली

पुलिस के मुताबिक, हरिओम चौधरी बुदाना गांव के संपन्न किसान थे। उनके नाम करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर एक मार्केट सहित लगभग 150 करोड़ रुपये की संपत्ति है। निखिल पूरी संपत्ति अपने नाम कराना चाहता था, जबकि पिता इसके खिलाफ थे। उन्हें आशंका थी कि बेटा संपत्ति बेचकर पैसा बर्बाद कर देगा।

जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2018 में निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चलाई थी, हालांकि उस समय परिवार ने पुलिस में शिकायत नहीं की थी। मृतक की पत्नी मीनाक्षी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

 

Also Read: दिन में चलाते थे ऑटो, रात में करते थे चोरी, लखनऊ में 5 शातिर चोर गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.