लखनऊ में सीएम योगी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले- मोदी सरकार के 11 सालों में हुआ ‘नए भारत’ का उदय”

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि आज का भारत अब चुप रहने वाला देश नहीं है, बल्कि अगर कोई युद्ध थोपने या आतंकवाद फैलाने की कोशिश करता है, तो उसका जवाब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के रूप में दिया जाएगा।

उन्होंने ये बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में कही। योगी ने इस पूरे कार्यकाल को “स्वर्णिम काल” बताते हुए इसे आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निर्णायक बताया।

भारत की सैन्य ताकत का नया प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उसका जवाब ऑपरेशन सिंदूर के रूप में दिया गया, जो यह दर्शाता है कि अब भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। उन्होंने कहा, “अगर कोई भारत पर हमला करता है या आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तो उसे जवाब उसी की भाषा में मिलेगा। यह नया भारत है जो अब ताकत से बोलता है, न कि चुप्पी से।”

योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश आतंकवाद जैसे मुद्दों पर अक्सर चुप्पी साधे रहता था। उन्होंने कहा, “शांति की बात करना अच्छी बात है, लेकिन जब जवाब देने का समय आए, तो चुप रहना कमजोरी दर्शाता है। पहले की मानसिकता यह थी कि आक्रामकता के जवाब में भी शांति की बातें की जाएं, लेकिन अब ऐसा नहीं है।”

मोदी सरकार के 11 साल: सेवा, सुशासन और समर्पण का प्रतीक

योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के नेतृत्व को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान दोबारा हासिल की है और यह बदलाव किसी चमत्कार से नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और मजबूत नेतृत्व से आया है। “आज भारत 140 करोड़ लोगों के आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया है। पहले जहां देश अस्थिरता का शिकार था, वहीं अब दुनिया भारत को सम्मान की नजर से देखती है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 तक भारत केवल 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन आज हम जापान को पीछे छोड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि भारत अब ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ चुका है वो ब्रिटेन जिसने 200 वर्षों तक हम पर शासन किया था। “आज हम एकमात्र ऐसी अर्थव्यवस्था हैं, जिसका आकार बीते एक दशक में दोगुना हुआ है। यह आर्थिक परिवर्तन स्वतंत्र भारत के 75 वर्षों में सबसे बड़ा मुकाम है।”

‘सबका साथ, सबका विकास’ को बताया व्यवहारिक दर्शन

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं अब किसी पहचान या जाति-धर्म पर आधारित नहीं हैं, बल्कि पात्रता के आधार पर हर नागरिक को लाभ मिल रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ अब केवल नारे नहीं, बल्कि सरकार की नीति और नीयत के आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या, वाराणसी, केदारनाथ, बद्रीनाथ, और सोमनाथ जैसे धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों को भी गिनाया और बताया कि कैसे इन प्राचीन आस्थाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा गया है।

योगी आदित्यनाथ का यह बयान न केवल एक राजनीतिक संदेश था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि मोदी सरकार के 11 वर्षों को किस रूप में जनता के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है एक मजबूत, आत्मनिर्भर, और वैश्विक मंच पर सम्मानित भारत की तस्वीर के रूप में।

Also Read: कालकाजी इलाके में ध्वस्तीकरण से पहले बढ़ी सुरक्षा, आतिशी बोलीं- झुग्गियों पर चलने वाला है बुलडोजर

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.