Lucknow: नोवोटेल होटल में युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध हालात में मौत, सस्ता ड्रोन बनाकर हुए थे मशहूर

Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित नोवोटेल होटल में मंगलवार को गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) के युवा इंजीनियर और ‘ड्रोनमैन’ के नाम से मशहूर राहुल सिंह (25) संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। उनका शव होटल के कमरे में बेड पर औंधे मुंह पड़ा था, जबकि बेड पर उल्टी के निशान भी मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, राहुल मूल रूप से महाराजगंज जिले के सिसवा बाजार क्षेत्र के रहने वाले थे। वह विश्वविद्यालय के डिजाइन इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर में रिसर्च से जुड़े थे। सोमवार दोपहर वह होटल में ठहरे थे, लेकिन मंगलवार सुबह चेकआउट के समय बाहर नहीं निकले। होटल कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां राहुल मृत अवस्था में मिले।

16 साल की उम्र में बने थे ‘ड्रोनमैन’

राहुल सिंह ने कम उम्र में ही अपनी तकनीकी प्रतिभा से पहचान बना ली थी। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में बाढ़ और भूस्खलन में फंसे लोगों की मदद के लिए लगभग 80 हजार रुपये की लागत से अत्याधुनिक ड्रोन तैयार किया था, जबकि इसी तरह के ड्रोन की बाजार कीमत 8–9 लाख रुपये बताई जाती थी। इसके अलावा उन्होंने बैटरी से चलने वाला ट्रैक्टर भी विकसित किया था, जिससे उन्हें वैज्ञानिक और नवाचार की दुनिया में पहचान मिली।

राहुल बचपन से ही मेधावी थे। उन्होंने 13 साल की उम्र से अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सवों में भाग लेना शुरू कर दिया था और लगातार तीन वर्षों तक अपने नवाचारों के दम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। उनकी उपलब्धियों ने उन्हें पूर्वांचल के उभरते युवा इनोवेटर्स में शामिल कर दिया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने बताया कि शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Also Read: ’13 साल की उम्र में शुरू होते हैं पीरियड्स…’, UP गवर्नर की सलाह- सच्चा प्रेम है तो पढ़ाई पूरी होने तक शादी नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.