पटना में 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर सीएम आवास की ओर बढे छात्रों ने तोड़े पुलिस बैरिकेड्स, पुलिस से झड़प

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा को निरस्त करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन बेहद उग्र हो गया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के उद्देश्य से गांधी मैदान से राजभवन की ओर पैदल मार्च निकाल रहे छात्रों को जब सुरक्षा बलों ने रोका, तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ डाले। इसके तुरंत बाद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।

प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश रोकने पर अड़ी पुलिस

आंदोलनकारी छात्र राजभवन की तरफ बढ़ने पर अड़े रहे, जबकि पुलिस प्रशासन उन्हें सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से लगातार रोकता रहा। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल की तैनात की गई।

मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने साफ किया कि किसी भी स्थिति में प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में बातचीत हुई है, जो काफी सकारात्मक रही है। डीएसपी ने उम्मीद जताई कि छात्र संवाद के जरिए समस्या का समाधान निकालने पर सहमत होंगे और धीरे-धीरे प्रदर्शन स्थल से भीड़ कम हो जाएगी। हालांकि, उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि अभ्यर्थियों ने जबरन आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो उन्हें सख्त कदम उठाते हुए मौके पर ही रोक दिया जाएगा।

70वीं BPSC परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है और वे परीक्षा रद्द करने सहित अपनी प्रमुख मांगों पर आयोग व सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read: सीएम योगी ने बांटे 3,572 नियुक्ति पत्र, अगले 6 महीनों में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का किया ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.