Lucknow News: रॉ ग्रुप ऑफ कंपनी की बिल्डिंग में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने पाया काबू
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में स्थित रॉ ग्रुप ऑफ कंपनी के कार्यालय में गत मध्य रात्रि (लगभग 1:39 बजे) अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही गोमती नगर फायर स्टेशन से दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं। इमारत के बाहर तेज लपटें निकल रही थीं और अंदर पूरा परिसर घने धुएं से भर चुका था। आग की भयावहता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही चीफ फायर ऑफिसर (CFO) अंकुश मित्तल खुद मौके पर पहुँचे और राहत कार्य की कमान संभाली। उनके मार्गदर्शन में फायर ब्रिगेड की टीम ने एक तरफ आग बुझाने और बिल्डिंग में फंसा धुआं बाहर निकालने का काम शुरू किया, तो वहीं दूसरी तरफ सर्च ऑपरेशन चलाकर यह सुनिश्चित किया कि इमारत के भीतर कोई फंसा न रह जाए।
अग्निशमन विभाग की कुल 8 गाड़ियों और दमकलकर्मियों की लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल, आग लगने की मुख्य वजहों और इससे हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

