UP: दिवाली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को 2 मुफ्त सिलेंडर, आंगनबाड़ी कर्मियों को मिलेगी मुफ्त साड़ी
UP Cabinet Decision: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कर्मियों के लिए दो अहम फैसले लिए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PM Ujjwala Yojana) के लाभार्थियों को दो मुफ्त LPG सिलेंडर रिफिल देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को हर साल एक अतिरिक्त साड़ी देने का फैसला भी लिया गया।
दिवाली के आसपास मिलेंगे मुफ्त सिलेंडर
सरकार के फैसले के तहत उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल दिए जाएंगे। योजना का पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2027 तक लागू होगा। इससे दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान पात्र परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इसका लाभ उन्हीं लाभार्थियों को मिलेगा जिनके बैंक खाते आधार से लिंक हैं और आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है। योजना पर राज्य सरकार के खजाने से अनुमानित 2,142.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार का कहना है कि इससे स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और खाना पकाने के धुएं से महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम करने में मदद मिलेगी।
3.80 लाख आंगनवाड़ी कर्मियों को अतिरिक्त साड़ी
कैबिनेट ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को हर साल एक अतिरिक्त साड़ी देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। प्रदेश में स्वीकृत 1,90,145 आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए कुल 3,80,290 कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को इसका लाभ मिलेगा।
वर्तमान व्यवस्था में केंद्र और राज्य सरकार के 60:40 अनुपात के तहत हर साल दो साड़ियां दी जाती हैं। अब विभागीय कामकाज, खराब मौसम और साड़ियों की धुलाई से जुड़ी परेशानियों को देखते हुए एक अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराई जाएगी।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना (Suresh Kumar Khanna) के अनुसार, प्रति साड़ी 500 रुपये की दर से राज्य सरकार इस पर करीब 19.02 करोड़ रुपये खर्च करेगी। सरकार के मुताबिक, इन फैसलों से उज्ज्वला लाभार्थियों को आर्थिक राहत और जमीनी स्तर पर सेवाएं देने वाली महिला कर्मियों को सुविधा मिलेगी।
Also Read: यूपी में पुराने बकायेदारों को राहत, 3 महीने तक ब्याज और अर्थदंड माफ करने को मंजूरी

