IND vs AFG Test: अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसे तैयारी कर रही है टीम इंडिया, सामने आया प्रैक्टिस VIDEO
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 के समापन के बाद अब क्रिकेट फैंस की निगाहें भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले टेस्ट मुकाबले पर टिक गई हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए टीम इंडिया ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रैक्टिस का पहला VIDEO जारी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया की तैयारियों का पहला वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में खिलाड़ी टी20 गियर से बाहर निकलकर रेड बॉल क्रिकेट की तैयारी करते नजर आ रहे हैं। अभ्यास सत्र की शुरुआत फील्डिंग ड्रिल से होती है, जिसके बाद बल्लेबाजों का नेट्स पर पसीना बहाना दिखता है।
नेट्स में केएल राहुल को कुलदीप यादव और अन्य स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी का अभ्यास करते देखा गया। वहीं यशस्वी जायसवाल भी रेड बॉल के सामने खुद को परखते नजर आए। वीडियो के अंत में टीम के हेड कोच गौतम गंभीर खिलाड़ियों की ट्रेनिंग पर कड़ी नजर बनाए दिखे।
दूसरी बार आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह टेस्ट क्रिकेट में दूसरा आमना-सामना होगा। इससे पहले 2018 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमें भिड़ी थीं, जहां भारत ने पारी और 262 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
न्यू चंडीगढ़ में टेस्ट क्रिकेट का डेब्यू
करीब आठ साल बाद एक बार फिर दोनों टीमें टेस्ट मैदान पर उतरेंगी। खास बात यह है कि न्यू चंडीगढ़ का यह स्टेडियम टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने जा रहा है।
यह इस मैदान पर होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी होगा, जिससे मैच का महत्व और बढ़ गया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि रेड बॉल क्रिकेट में टीम इंडिया की यह कड़ी तैयारी मैदान पर किस तरह रंग लाती है और क्या भारत एक बार फिर अफगानिस्तान पर अपना दबदबा कायम रख पाता है।
Also Read: क्या भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी तय? राजीव शुक्ला के बयान से मिले बड़े संकेत

