भारत को अमेरिकी सांसदों से मिला आतंकवाद के खिलाफ़ पूर्ण समर्थन: शशि थरूर

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी कांग्रेस में भारत को आतंकवाद के खिलाफ़ लड़ाई में मजबूत समर्थन और एकजुटता का आश्वासन मिला है। भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को यह जानकारी दी। थरूर ने वाशिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, हमने जिन भी अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की, उनमें से एक भी व्यक्ति संदेह या नकारात्मक रुख नहीं रखता था। सभी ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि अमेरिका ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को पूरी तरह समझा और उसका समर्थन किया। थरूर ने कहा, भारत के आत्मरक्षा के अधिकार को लेकर भी अमेरिका के नेताओं में स्पष्ट समझ और समर्थन था। इस प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी कांग्रेस के इंडिया कॉकस, हाउस फॉरेन अफेयर्स कमिटी के सदस्य, दक्षिण एशिया और पूर्वी एशिया उपसमितियों के प्रमुखों और सीनेट के छह सांसदों से मुलाकात की। इनमें से पांच विदेश संबंध समिति और एक खुफिया समिति से जुड़े थे।

अमेरिकी सांसदों ने भी थरूर की बातों की पुष्टि की। इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष, डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, 22 अप्रैल को हुए हमले के लिए जिम्मेदार आतंकी संगठनों को खत्म करने की जरूरत पर हमने भारत के साथ चर्चा की। इस हमले में पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने ली थी। रिपब्लिकन सीनेटर डेव मैककॉर्मिक ने भी भारत-अमेरिका साझेदारी पर बल देते हुए कहा, हमने आतंकवाद के खिलाफ़ साझेदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।

Also Read: Pakistani मॉडल को रिश्ते के भाई ने किया था प्रपोज, नहीं मानी तो मार दी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.