सिंगापुर फ्लाइट में भारतीय युवक ने की महिला क्रू मेंबर से छेड़छाड़, टॉयलेट में जबरन घुसा, महिला यात्री ने बचाया

Sandesh Wahak Digital Desk: एक चौंकाने वाली घटना में एक भारतीय युवक को सिंगापुर में एक विमान की महिला केबिन क्रू सदस्य से जबरदस्ती और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 28 फरवरी को सामने आया जब विमान सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट पर उतरा। पुलिस ने आरोपी को विमान से उतरते ही हिरासत में ले लिया।

एक महिला ने क्रू सदस्य को बचाया

पुलिस जांच के अनुसार, महिला क्रू सदस्य एक महिला यात्री को शौचालय की ओर ले जा रही थी। इसी दौरान उन्होंने फर्श पर गिरे टिश्यू पेपर को देखा और उसे उठाने के लिए झुकीं। तभी 20 वर्षीय आरोपी युवक पीछे से आया और उन्हें पकड़कर जबरन टॉयलेट में घुस गया। टॉयलेट में पहले से मौजूद महिला यात्री ने यह सब देख लिया और तुरंत हस्तक्षेप कर महिला क्रू सदस्य को बाहर निकाला।

इस घटना की जानकारी तुरंत केबिन सुपरवाइजर को दी गई, और विमान जैसे ही चांगी एयरपोर्ट पर उतरा, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संबंधित एयरलाइन का नाम उजागर नहीं किया है, लेकिन मामले को लेकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

22 अप्रैल को अदालत में पेश होगा आरोपी

सिंगापुर पुलिस के अनुसार, आरोपी पर ‘मर्यादा भंग करने के इरादे से बल प्रयोग’ की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को 22 अप्रैल को अदालत में पेश किया जाएगा। बता दे, सिंगापुर के कानून के तहत, किसी महिला के साथ जबरदस्ती या छेड़छाड़ के मामलों में दोषी पाए जाने पर आरोपी को तीन साल तक की जेल, जुर्माना और बेंत मारने की सजा हो सकती है।

एयरपोर्ट पुलिस डिवीजन की कमांडर, असिस्टेंट कमिश्नर एम. मालथी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि “हम केबिन क्रू की सुरक्षा को अत्यधिक गंभीरता से लेते हैं। वे पेशेवर होते हैं जो सभी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।”

Also Read: “हम अपनी स्वतंत्रता नहीं छोड़ेंगे”- ट्रंप सरकार से भिड़ी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, फंडिंग रोकने पर उठाया कानूनी कदम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.