तकनीकी खराबी की वजह से दिल्ली लौटी लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट, सभी यात्री सुरक्षित
Sandesh Wahak Digital Desk: गुरुवार सुबह दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006 को तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। फ्लाइट में करीब 180 लोग सवार थे, जिनमें सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
फ्लाइट ने सुबह दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन लद्दाख पहुंचने से कुछ ही समय पहले तकनीकी दिक्कत सामने आई। पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए विमान को वापस दिल्ली ले आने का फैसला किया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तकनीकी खराबी किस कारण से हुई।
इंडिगो की फ्लाइट्स में लगातार आ रही हैं तकनीकी समस्याएं
इस घटना के एक दिन पहले, बुधवार को इंडिगो की एक और फ्लाइट 6E 6101 को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से ठीक पहले रद्द करना पड़ा। यह विमान भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए रवाना होने वाला था। सिर्फ यही नहीं, दो जून को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को रांची में आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी, जब वह एक गिद्ध से टकरा गई थी। यह विमान पटना से कोलकाता जा रहा था और रांची होते हुए उड़ान भर रहा था। टक्कर के बाद फ्लाइट करीब 40 मिनट तक हवा में रही और फिर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। उस फ्लाइट में भी 175 लोग सवार थे।
पक्षियों की वजह से भी उड़ानों में रुकावट
रांची एयरपोर्ट पर पक्षियों के कारण विमानों की उड़ान में रुकावट कोई नई बात नहीं है। इससे पहले 8 मई को भी दिल्ली से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX 116) के पंख में एक कबूतर फंस गया था, जिससे विमान में तकनीकी खराबी आई थी। लैंडिंग के बाद उसकी जांच की गई।
Also Read: Ghaziabad News: थाने के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, तमाशबीन बनी रही पुलिस

