व्हाइट हाउस के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को किया ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका की सत्ता के केंद्र व्हाइट हाउस के बेहद करीब शनिवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात हमलावर ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मुस्तैद सीक्रेट सर्विस के जवानों ने त्वरित जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मौके पर ही ढेर कर दिया। इस हिंसक वारदात में एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हुआ है। अमेरिकी प्रशासन ने पुष्टि की है कि घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर ही थे और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बैग से गन निकालकर दागने लगा गोलियां
यह सनसनीखेज वारदात शनिवार शाम करीब 6 बजे 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के चौराहे पर हुई, जो व्हाइट हाउस और आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के बिल्कुल नजदीक है। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति ने अचानक अपने बैग से हथियार निकाला और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
खतरे को भांपते हुए सीक्रेट सर्विस के काउंटर-असॉल्ट एजेंटों ने मोर्चा संभाला और हमलावर पर गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से घायल हमलावर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। सुरक्षा एजेंसी के किसी भी अधिकारी को कोई चोट नहीं आई है।
फायरिंग की आवाज गूंजते ही पूरे व्हाइट हाउस परिसर को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया। परिसर के नॉर्थ लॉन में स्वचालित हथियारों से लैस सीक्रेट सर्विस के कमांडो तैनात हो गए। उस वक्त बाहर रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों और स्टाफ को सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित स्थान की ओर धकेला।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की फोटोग्राफर एलिसन रॉबर्ट और एबीसी न्यूज की सेलिना वांग ने इस खौफनाक मंजर को बयां करते हुए बताया कि प्रेस ब्रीफिंग रूम के बाहर से लगातार 20 से 30 राउंड फायरिंग की आवाजें आ रही थीं। एजेंट चिल्ला रहे थे “नीचे झुको, गोलियां चल रही हैं!” सभी पत्रकारों को सुरक्षा कारणों से प्रेस रूम के भीतर ही रहने की हिदायत दी गई।
जांच में जुटी एफबीआई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
इस बड़े सुरक्षा उल्लंघन के बाद वाशिंगटन डीसी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। एफबीआई (FBI) के डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि ब्यूरो की टीमें मौके पर मौजूद हैं और इस हमले की कड़ियों को जोड़ने में सीक्रेट सर्विस की मदद कर रही हैं। फिलहाल हमलावर की पहचान और इस दुस्साहस के पीछे की वजहों का खुलासा नहीं हो सका है। व्हाइट हाउस के आसपास की सभी मुख्य सड़कों को कई घंटों के लिए सील कर दिया गया है।

