RBI के टारगेट से ऊपर पहुंची महंगाई, जून में 4.38% हुई Inflation, क्या अब और महंगा होगा खर्च?

India Retail Inflation: देश में महंगाई एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगी है। जून 2026 में खुदरा महंगाई दर (Retail Inflation) बढ़कर 4.38% हो गई, जो पिछले 17 महीनों में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 4% लक्ष्य से ऊपर पहुंची है। यह आंकड़ा संशोधित उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) और नए उपभोग पैटर्न लागू होने के बाद अब तक का सबसे ऊंचा स्तर भी माना जा रहा है। हालांकि, यह आंकड़ा फिलहाल अस्थायी (Provisional) है और बाद में इसमें संशोधन संभव है।

जून में महंगाई बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की वस्तुओं और ईंधन की कीमतों में तेजी रही। सब्जियां, दालें, फल, दूध समेत कई जरूरी खाद्य पदार्थ महंगे हुए हैं। वहीं पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया, जिससे पेट्रोल-डीजल और परिवहन लागत बढ़ी। परिवहन महंगा होने का असर लगभग सभी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है।

इसके अलावा मानसून को लेकर बनी अनिश्चितता भी चिंता का विषय है। यदि बारिश सामान्य नहीं रहती है तो कृषि उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जिससे आने वाले महीनों में खाद्य महंगाई (Food inflation) और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

RBI ने भी बढ़ाया महंगाई का अनुमान

भारतीय रिजर्व बैंक का लक्ष्य खुदरा महंगाई (Retail Inflation) को 4% पर बनाए रखना है, जबकि इसे 2% से 6% के दायरे में रखने की अनुमति है। जून की मौद्रिक नीति समीक्षा में RBI ने रेपो रेट 5.25% पर ही बरकरार रखा था।

हालांकि, केंद्रीय बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महंगाई का अनुमान 4.6% से बढ़ाकर 5.1% कर दिया है। RBI के मुताबिक खाद्य कीमतों में तेजी, महंगा कच्चा तेल और वैश्विक तनाव इसके प्रमुख कारण हैं।

आगे क्या होगा असर?

अर्थशास्त्रियों का मानना है कि आने वाले महीनों में महंगाई की दिशा काफी हद तक मानसून और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी। यदि बारिश सामान्य रहती है और खाद्य आपूर्ति बेहतर होती है तो राहत मिल सकती है। लेकिन तेल की कीमतें ऊंची रहने या वैश्विक तनाव बढ़ने की स्थिति में महंगाई का दबाव जारी रह सकता है। ऐसे में आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ने के साथ-साथ RBI के लिए ब्याज दरों को लेकर आगे का फैसला भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Also Read: भारत में फिर महंगे हो सकते हैं Mobile Recharge प्लान, 12-15% तक बढ़ोतरी का अनुमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.