Lucknow News: लिफ्ट देने के बहाने इंटर की छात्रा को किया अगवा, बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कार सवार युवकों ने इंटर की एक छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों में एक लॉ (LLB) का छात्र भी शामिल है।

मड़ियांव पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

घर से नाराज़ होकर निकली थी छात्रा

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि 18 वर्षीय पीड़िता इंटर की छात्रा है। 15 अक्टूबर की रात वह घरवालों से नाराज़ होकर घर से निकली थी। दिनभर सहेली के साथ समय बिताने के बाद रात में वह ऑटो से घर लौट रही थी। छात्रा के अनुसार, खुर्रमनगर के पास ऑटो चालक रास्ता भटक गया, तो वह ऑटो से उतर गई। इसी बीच, एक कार आकर रुकी, जिसमें तीन युवक थे। युवकों ने उसे घर तक लिफ्ट देने का झांसा दिया। छात्रा के मना करने पर आरोपियों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया।

4 दिन तक बंधक बनाकर किया गैंगरेप

आरोप है कि कार में युवकों ने छात्रा को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब वह बदहवास हो गई, तो आरोपी उसे एक फ्लैट में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों में से एक, जुनैद, ने छात्रा को चार दिन तक बंधक बनाकर रखा। 19 अक्टूबर को आरोपी जुनैद छात्रा को छोड़कर भाग गया।

डर के कारण छात्रा घर लौटने पर तुरंत घरवालों को कुछ नहीं बताया। लेकिन 19 अक्टूबर को आरोपी जुनैद ने उसे फ़ोन और मैसेज पर धमकी दी। इसके बाद छात्रा ने हिम्मत जुटाकर घरवालों को अपनी आपबीती बताई। छात्रा के परिजनों ने 22 अक्टूबर को दोबारा मड़ियांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को दो नामजद आरोपियों महानगर निवासी अंशुमान, सर्वोदय नगर निवासी जुनैद को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी अंशुमान एक निजी विश्वविद्यालय में एलएलबी का छात्र है। इसके पिता वायरलेस विभाग में कार्यरत हैं। जबकि जुनैद कारपेंटर का काम करता है। पुलिस अब तीसरे आरोपी शिवांश की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर मड़ियांव ने बताया कि छात्रा के लापता होने पर परिजनों ने पहले उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोपियों के खिलाफ कठोर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Also Read: Varanasi News: नगर निगम ने छठ पर्व के लिए तैनात किए कई सुपरवाइजर, सफाई व्यवस्था पर खास फोकस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.