Bareilly News: फर्जी दस्तावेजों के सहारे लोन दिलाने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर आम जनता को झांसे में लेकर लाखों रुपये का फर्जी लोन कराने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मॉडर्न विलेज (भोजीपुरा) स्थित एक ठिकाने से 4 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल रहा।
मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस टीम ने मॉडर्न विलेज स्थित मकान पर देर रात 1:27 बजे दबिश दी, तब आरोपी ठगी के रुपयों का आपस में बंटवारा कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, 28 चेक बुक, 7 बैंक पासबुक, 75 एटीएम कार्ड, 3 फर्जी परिचय पत्र, 8 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड, फर्जी फॉर्म-16, फर्जी पे-स्लिप, 12 मोबाइल फोन, केनरा बैंक मुरादाबाद की एक मुहर, 11 सिम कार्ड और अन्य स्टेशनरी सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राम नयन गुप्ता उर्फ कृष्णा गुप्ता मूल निवासी महाराजगंज, राकेश गुप्ता मूल निवासी भागलपुर, बिहार, अनिल गुप्ता निवासी थाना बारादरी, बरेली और ऋषभ कुमार सक्सेना निवासी थाना इज्जत नगर, बरेली शामिल हैं। वहीं घटना में शामिल इनका पांचवां साथी आमिर खां उर्फ यामिर खां निवासी इज्जत नगर, बरेली फिलहाल वांछित है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गिरोह बनाकर लोगों से संपर्क करते थे और उनके आधार कार्ड के आधार पर नए सिम निकालकर आधार में पता बदलवा देते थे। इसके बाद अलग-अलग बैंकों में फर्जी खाते खुलवाए जाते थे और फर्जी पे-स्लिप व बल्क पोस्टिंग के माध्यम से 2-3 महीने तक उन खातों में वेतन के रूप में पैसे ट्रांसफर किए जाते थे ताकि उन्हें सरकारी नौकरी पेशा दिखाया जा सके।
क्रेडिट स्कोर (CIBIL) अच्छा होने पर वे बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) सहित अन्य बैंकों से 15 से 20 लाख रुपये तक का पर्सनल लोन पास करा लेते थे। लोन लेने वाले व्यक्ति को यह झांसा दिया जाता था कि यह पैसा ‘प्रधानमंत्री योजना’ के तहत स्वीकृत हुआ है। पीड़ित को कुछ रकम देकर बाकी का पूरा पैसा आरोपी चेक और एटीएम के जरिए खुद निकालकर आपस में बांट लेते थे। हाल ही में इन्होंने लखीमपुर खीरी के एक व्यक्ति के नाम पर 20 लाख का लोन पास कराकर करीब 19 लाख रुपये हड़प लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना भोजीपुरा में बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं 111, 318(4), 316(2), 338, 336(3), 340(2) व 3(5) में मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: छात्रों की FIR खत्म करने SC पहुंची केंद्र सरकार, अनुच्छेद 142 के तहत मांगी राहत

