IPL 2025: DC ने इस खिलाड़ी पर लुटाए 10.75 करोड़ रुपये, पूरे सीजन में डालीं सिर्फ 18 गेंदें
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही थी। कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में टीम ने अपने पहले चारों मैच जीतकर प्लेऑफ की मजबूत दावेदार के रूप में खुद को पेश किया।

हालांकि, सीजन के मध्य में प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव आया और मिचेल स्टार्क के स्वदेश लौट जाने से टीम को बड़ा झटका लगा।
टीम ने शनिवार को अपना अंतिम लीग मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से जीतकर सीजन का समापन किया, लेकिन इस सीजन में एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा – भारत के तेज गेंदबाज टी. नटराजन।
दिल्ली कैपिटल्स ने नटराजन को 10.75 करोड़ रुपये की भारी रकम में खरीदा था, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। पूरे सीजन में उन्होंने सिर्फ 18 गेंदें यानी 3 ओवर ही फेंके, जो एक टी20 गेंदबाज के लिहाज से भी बेहद कम हैं।
गुजरात के खिलाफ डाला इकलौता स्पेल, रहे बेहद महंगे

टी. नटराजन ने 18 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक मैच में 3 ओवर डाले, जिसमें उन्होंने 16.33 की इकॉनमी से 49 रन दे डाले।
दिल्ली को यह मुकाबला 10 विकेट से गंवाना पड़ा। साई सुदर्शन (108*) और शुभमन गिल (93*) ने शानदार पारियां खेलकर दिल्ली की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं।
नटराजन ने इस सीजन में सिर्फ दो मैच खेले और उनमें भी गेंदबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला।
ऐसे में फ्रेंचाइज़ी द्वारा उनके लिए खर्च की गई बड़ी रकम सवालों के घेरे में है।
मिला-जुला रहा दिल्ली का सफर

दिल्ली कैपिटल्स ने कुल 14 लीग मुकाबलों में से 7 जीते, 6 हारे और 1 बेनतीजा रहा। टीम ने 15 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवां स्थान हासिल किया और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।
अंतिम मैच में समीर रिज़वी ने 25 गेंदों में नाबाद 58 रन की धमाकेदार पारी खेलकर टीम को 207 रन के लक्ष्य तक पहुंचाया।
प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली टीमें

इस सीजन के प्लेऑफ के लिए गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस ने क्वालिफाई किया है।
Also Read: ENG vs IND Test Series: मेहनत पर फिर गया पानी! इन 5 दिग्गजों को नहीं मिली टीम में जगह

