ईरानी विदेश मंत्री ने दिल्ली में चला कूटनीति का दांव, बोले- हम परमाणु हथियार नहीं चाहते
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपनी भारत यात्रा के दौरान स्पष्ट किया है कि उनका देश परमाणु हथियारों की होड़ में नहीं है। नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट पर कहा कि बातचीत और समझौते के अलावा इस तनाव का कोई दूसरा समाधान नहीं हो सकता। अराघची ने जोर देकर कहा कि ईरान कूटनीति को पूरा अवसर देने के लिए युद्धविराम की कोशिशों में जुटा था, क्योंकि किसी भी मुद्दे का स्थायी हल सैन्य कार्रवाई से संभव नहीं है।
अराघची ने होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति को बेहद जटिल बताते हुए कहा कि ईरान वहां से सभी जहाजों को सुरक्षित निकालने में सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट को सुलझाने में भारत की सक्रिय भागीदारी की इच्छा जताते हुए कहा, हम भारत की किसी भी रचनात्मक भूमिका का स्वागत करेंगे।
ईरानी विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ हुई बैठकों को सकारात्मक बताया और कहा कि फारस की खाड़ी में सुरक्षा को लेकर भारत और ईरान के हित पूरी तरह समान हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि क्षेत्र में शांति बहाली के लिए चीन द्वारा उठाए गए किसी भी कदम का ईरान स्वागत करेगा।
Also Read: Welcome 3 के लिए अक्षय कुमार की बड़ी तैयारी, टीजर के बाद 18 मई को होगा बड़ा धमाका

