आ गई IRCTC की नई वेबसाइट, Beta वर्जन में टिकट बुकिंग होगी और तेज, जानिए क्या-क्या बदला?
IRCTC New Website: रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। IRCTC (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) ने अपनी नई Beta वेबसाइट लॉन्च कर दी है। फिलहाल इसे ट्रायल (परीक्षण) के तौर पर शुरू किया गया है, ताकि यात्री नए पोर्टल का इस्तेमाल कर सकें और अपने सुझाव दे सकें। इस वेबसाइट का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा आसान, तेज और बिना झंझट वाला बनाना है।
नई वेबसाइट (https://www.irctc.co.in/eticket/)को बेहतर यूजर एक्सपीरियंस (User Experience) को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें इंटरफेस को पहले से ज्यादा साफ और सरल बनाया गया है, ताकि पहली बार इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को भी टिकट बुक करने में परेशानी न हो। वेबसाइट में किए गए कई बदलाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों के सुझावों पर आधारित हैं, जो उन्होंने रेल मंत्री से बातचीत के दौरान दिए थे।
गौरतलब है कि IRCTC की वेबसाइट साल 2002 में शुरू हुई थी और आज इसके जरिए रोजाना औसतन करीब 14.5 लाख रेल टिकट बुक किए जाते हैं। अब इस नए बीटा वर्जन में यात्रियों की सुविधा के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं।
New IRCTC Website में हुए ये 4 बड़े बदलाव
- कैप्चा और फालतू पॉप-अप से राहत: टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले गैरजरूरी कैप्चा (Captcha), पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स हटा दिए गए हैं। इससे वेबसाइट पहले से ज्यादा साफ और इस्तेमाल में आसान लगेगी।
- एक ही जगह मिलेगी सीटों की पूरी जानकारी: अब अलग-अलग क्लास में सीट उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे बार-बार अलग पेज खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा तेज: बुकिंग के दौरान जरूरी स्टेप्स कम कर दिए गए हैं। इसका मतलब है कि कम क्लिक में टिकट बुक होगी और पूरा चेकआउट पहले से ज्यादा तेजी से पूरा होगा।
- बार-बार डिटेल भरने की झंझट खत्म: अब यात्री अपनी Passenger Details (यात्री की जानकारी) सेव कर सकेंगे। अगली बार टिकट बुक करते समय वही जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं होगी।
अभी Beta वर्जन, आगे और होंगे बदलाव
IRCTC का कहना है कि फिलहाल वेबसाइट का Beta वर्जन लॉन्च किया गया है। यात्रियों से मिलने वाले सुझावों और फीडबैक के आधार पर इसमें आगे और सुधार किए जाएंगे।
इसके साथ ही रेलवे अपने Passenger Reservation System (PRS) यानी टिकट रिजर्वेशन सिस्टम को भी अपग्रेड कर रहा है। नया सिस्टम शुरू होने के बाद IRCTC का पूरी तरह नया पोर्टल भी चरणबद्ध तरीके से सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। इससे भविष्य में टिकट बुकिंग और भी तेज, आसान और भरोसेमंद होने की उम्मीद है।
Also Read: BSNL का Satellite Phone लॉन्च, बिना नेटवर्क होगा कॉल और SMS, जानें कौन कर सकेगा इस्तेमाल?

