Siddharthnagar News: जगदंबिका पाल ने रोपे पौधे, आम बहार कार्यक्रम में बांटे गए फलदार वृक्ष
Siddharthnagar News: देशव्यापी पर्यावरण संरक्षण मुहिम के तहत सिद्धार्थनगर जनपद के कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सनई में वन महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत यहाँ एक बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस खास मौके पर आम भंडारा और आम बहार कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों को अपने घरों में लगाने के लिए आम के पौधे बांटे गए। साथ ही हर परिवार को कम से कम एक पौधा रोपने और उसकी पूरी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने की शपथ दिलाई गई।

आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद जगदंबिका पाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही हमारी स्वच्छ हवा, पानी और जीवन का असली आधार हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में अब यह मुहिम एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

1 से 7 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
सांसद पाल ने 1 से 7 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष वृक्षारोपण सप्ताह में आम जनता से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग के बुरे प्रभावों से जूझ रही है, ऐसे में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए धरती को हरा-भरा करना बेहद जरूरी है। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि प्रकृति को सहेजना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी नीला एम., एसडीओ मीना तिवारी, जिला महामंत्री फतेह बहादुर सिंह, रामनारायण, राजेंद्र पांडेय, रणजीत सिंह, रमेश मणि, अनुराग श्रीवास्तव के साथ-साथ वन विभाग के तमाम आला अधिकारी, मंडल अध्यक्ष राजेश दुबे, आशीष दुबे, कुंवर विक्रम सिंह और भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा सीट से लड़ेंगे चुनाव, जन सुराज ने बनाया उम्मीदवार

