प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा सीट से लड़ेंगे चुनाव, जन सुराज ने बनाया उम्मीदवार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीतिक बिसात पर एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला फेरबदल हुआ है। चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (PK) अब खुद चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं। उनकी जन सुराज पार्टी ने पटना की वीआईपी मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बांकीपुर सीट पर आगामी 30 जुलाई को मतदान होना है और पीके की इस एंट्री ने बिहार का सियासी पारा चरम पर पहुंचा दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने किया एलान
जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि बांकीपुर में पार्टी किसी बेहद मजबूत चेहरे को मैदान में उतारेगी और इसका फैसला 5 जुलाई को सर्वसम्मति से लिया गया। उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही मनोज भारती ने दावा किया कि पिछले एक महीने के दौरान जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने बांकीपुर के आम लोगों और मतदाताओं से व्यापक चर्चा की है। इस ग्राउंड फीडबैक से साफ है कि स्थानीय जनता वर्तमान सत्ताधारी दल और बीजेपी के खिलाफ है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की नौबत इसलिए आई क्योंकि यहाँ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक नितिन नबीन हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए थे। राज्यसभा जाने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी।
प्रशांत किशोर का पहला चुनावी दांव
जन सुराज की तरफ से प्रशांत किशोर का खुद चुनाव लड़ना बिहार की राजनीति के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। इससे पहले हुए मुख्य बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी प्रशांत किशोर के लिए दो सुरक्षित सीटों का चयन किया गया था, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने खुद चुनाव लड़ने से कदम पीछे खींच लिए थे और अपना पूरा फोकस पार्टी के प्रचार और संगठन विस्तार पर लगाया था। अब पहली बार चुनावी रण में उतरकर पीके सीधे तौर पर अपनी सियासी ताकत की परीक्षा देने जा रहे हैं।
Also Read: Siddharthnagar News: अनफिट और ओवरलोड स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 4 गाड़ियां जब्त व 22 के चालान

