Jaipur Accident: शादी से लौट रहे परिवार की कार कंटेनर से टकराई, दुल्हन समेत छह की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान की राजधानी जयपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। यह हादसा बुधवार सुबह जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के जमवारामगढ़ इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 148 (दौसा–मनोहरपुर हाईवे) पर हुआ, जहां एक कंटेनर और सवारी कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश से एक नवविवाहित जोड़ा अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ शादी समारोह के बाद लौट रहा था। तभी भट्काबास गांव के पास उनकी कार सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोगों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल भयावह हो गया।
इस हादसे में दुल्हन समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हे सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
इस हादसे ने जहां एक घर की खुशियों को मातम में बदल दिया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Also Read: वायरल वीडियो पर BJP का कड़ा एक्शन, गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी से निष्कासित

