जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना ने दो आतंकियों को किया ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LOC) पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। सोमवार रात शुरू हुए आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है। इलाके में अभी भी व्यापक तलाशी अभियान जारी है।

माछिल सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि

भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई, जिसके बाद जवानों ने तुरंत गोलीबारी शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है कि कोई और घुसपैठ न हो।

सर्दियों से पहले BSF ने बढ़ाई चौकसी

इस बीच, सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सर्दियों के मौसम से पहले जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर अपनी चौकसी काफी बढ़ा दी है। BSF के अतिरिक्त महानिदेशक सतीश एस. खंडारे ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली है कि आतंकवादी घाटी में घुसपैठ करने के लिए सीमा पार विभिन्न लॉन्च पैडों पर इंतजार कर रहे हैं।

खंडारे ने कहा, “आमतौर पर देखा गया है कि सर्दियों से पहले घुसपैठ की कोशिशें बढ़ जाती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, हमने अपने जवानों और अधिकारियों को अलर्ट पर रखा है और सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।” उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी देश आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए सीमा पार कुछ लॉन्च पैड बना रहा है।

कठुआ में मोर्टार गोला निष्क्रिय

इसी क्रम में, कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में सुरक्षा बलों को एक और सफलता मिली। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों से मिली सूचना के आधार पर, करोल मथुरा सीमावर्ती गांव में एक खेत से एक पुराना मोर्टार गोला बरामद किया गया, जिसे सुरक्षा बलों ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।

Also Read: यूपी में नहीं थम रहा मनरेगा घोटाला, मुर्दों को भी होता है मजदूरी का भुगतान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.