जंतर-मंतर पर फिर लौटे छात्र, CJP के बाद अब किस बात को लेकर शुरू हुआ नया प्रदर्शन

Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन एक बार फिर तेज होता दिख रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया था, लेकिन अब नए सिरे से छात्र सड़क पर उतर आए हैं। हालांकि इस बार प्रदर्शन कर रहे छात्र सीधे तौर पर CJP से जुड़े नहीं हैं। जंतर-मंतर पर धरना दे रहे युवा दिशा छात्र संगठन के सदस्य हैं, जो पहले CJP के नेतृत्व में हुए आंदोलन का भी हिस्सा रह चुके हैं। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

छात्रों की रिहाई और डेटा हटाने की मांग

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांग हिरासत में लिए गए सभी छात्रों की रिहाई है। उनका कहना है कि जिन छात्रों का व्यक्तिगत डेटा एकत्र किया गया है, उसे भी हटाया जाए। प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि वे 36 दिनों तक आंदोलन में डटे रहे। उनका आरोप है कि सरकार ने पहले छात्रों पर लाठीचार्ज किया, फिर इस्तीफा दिया और अब प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की जा रही है।

छात्रा ने कहा कि बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, मुंबई और देश के अन्य हिस्सों के छात्र इस आंदोलन के साथ खड़े हैं। उनका दावा है कि अदालत ने भी छात्रों का रिकॉर्ड हटाने की बात कही है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “छात्रों की गिरफ्तारी बंद करो”, “एफआईआर वापस लो” और “छात्रों का आपराधिकरण बंद करो” जैसे नारे लगाए।

CJP ने भी दी दोबारा आंदोलन की चेतावनी

कॉकरोच जनता पार्टी ने भी असम, बिहार, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित कई राज्यों में छात्र कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं रोकने के अपने आश्वासन का पालन नहीं किया, तो वह दोबारा आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह पर सहमति के उल्लंघन का आरोप लगाया।

Also Read: लखनऊ में बिजली संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, बोले- मांगें नहीं मानीं तो पूरे यूपी में होगा महाआंदोलन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.