जौनपुर: डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकराया डीसीएम, चालक व खलासी की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पर मंगलवार की आधी रात महरूपुर गाँव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज़ रफ़्तार डीसीएम (मिनी ट्रक) अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन में जा घुसा और सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में डीसीएम के चालक और ट्रक के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के कारण हाईवे पर क़रीब आधा घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस की आरंभिक छानबीन में दुर्घटना का कारण डीसीएम चालक को झपकी लगना बताया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार रात लगभग 12 बजे क्षेत्र के महरूपुर गांव के पास उस वक्त हुआ जब वाराणसी से सामान लादकर एक डीसीएम मिनी ट्रक लखनऊ की तरफ जा रहा था। तेज़ रफ़्तार डीसीएम अचानक बेकाबू हो गया, रोड डिवाइडर तोड़कर वाराणसी की ओर जा रहे एक ट्रक से टकरा गया। दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
मृतकों की पहचान
हादसे में मरने वालों राम अचल (36) और अहमद ट्रक का खलासी जो निवासी जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि ट्रक से कूदने के कारण खलासी अहमद की भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने डीसीएम के केबिन में फंसे चालक के शव को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के कारण वाराणसी वाले लेन पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।

