Jaunpur News: दलित किशोरी की प्रेम प्रसंग में गला रेतकर हत्या, क्षेत्र में फैली सनसनी
Jaunpur News: जौनपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर (नरहरपुर) गांव में 22 वर्षीय दलित किशोरी का गला रेतकर हत्या कर दी गई। वहीं घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
काम से घर से बहार निकली थी युवती
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान बृजभूषण गौतम की पुत्री रोशनी उर्फ रुचि गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार शाम घर से किसी काम के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जब घरवालों ने खोजबीन शुरू की, तो घर से करीब 200 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर उसकी खून से लथपथ लाश पड़ी मिली।
घटना से मचा हड़कंप
वहीं जैसे ही हत्या की खबर फैली, गांव में सनसनी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सुजानगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
सीओ बदलापुर विवेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल, गांव में स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती से हालात नियंत्रण में हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

