Jaunpur News: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश दीपक दुबे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Jaunpur News: जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। खेतासराय और खुटहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर शाम मुठभेड़ के दौरान अन्तर्जनपदीय शातिर बदमाश दीपक दुबे उर्फ़ रिंकू पंडित को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस टीम पहलमापुर नहर पुल पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और टीम पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिरकर दबोच लिया गया।
बदमाश की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक दुबे उर्फ़ रिंकू पंडित पुत्र स्व. रामप्रकाश दुबे निवासी दौलतपुर पिलकिछा थाना खुटहन, जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (UP 62 W 6744) बरामद की। पुलिस के अनुसार दीपक दुबे पर करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराएँ शामिल हैं। वह जौनपुर, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर जिलों में सक्रिय रहा है।
मुठभेड़ के दौरान खेतासराय थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, खुटहन थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय सहित पुलिस व क्राइम टीम के कई सदस्य मौजूद रहे। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: राजा रघुवंशी मर्डर केस: 790 पन्नों की चार्जशीट में पत्नी सोनम और उसका प्रेमी मास्टरमाइंड

