राजा रघुवंशी मर्डर केस: 790 पन्नों की चार्जशीट में पत्नी सोनम और उसका प्रेमी मास्टरमाइंड

Sandesh Wahak Digital Desk: इंदौर के चर्चित ‘हनीमून मर्डर’ केस में मेघालय पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार को अदालत में 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी।

जांच में खुलासा हुआ है कि बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी और उसका प्रेमी राज कुशवाहा हैं। पुलिस ने इन दोनों के साथ तीन और आरोपियों (आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल सिंह चौहान) पर भी हत्या, सबूत मिटाने और आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया है। सभी पाँच आरोपी फिलहाल जेल में हैं।

सावधानी से रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चार्जशीट में बताया गया है कि इस हत्याकांड को बेहद सावधानी से अंजाम दिया गया था। सोनम और राज कुशवाहा के बीच बढ़ती नजदीकियों को हत्या का मुख्य कारण बताया गया है। बाकी तीन आरोपियों ने इस पूरी साजिश को अंजाम देने में उनकी मदद की। पुलिस ने जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और गवाहों के बयानों जैसे कई पुख्ता सबूत जुटाए हैं, जिनसे आरोपियों के खिलाफ मजबूत केस बनाया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में तीन और सह-आरोपियों (सिलोमे जेम्स, लोकेन्द्र तोमर और बलवीर आहिरवार) के खिलाफ जल्द ही एक और पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इन पर सबूत नष्ट करने और छिपाने का आरोप है। आपको बता दें कि राजा रघुवंशी की शादी के कुछ ही दिनों बाद उनकी हत्या कर दी गई थी, जिसने हर किसी को चौंका दिया था। अब अदालत में इस मामले की सुनवाई शुरू होने की उम्मीद है, जिसके बाद दोषियों को सजा मिल पाएगी।

Also Read: Varanasi News: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ 25 हजार का इनामी बदमाश इरशाद, पैर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.