जौनपुर में लूट के केस में लापरवाही पड़ी भारी, दरोगा समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में तीन लाख रुपये की लूट के मामले में कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामला जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव का है। आरोप है कि सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर दो लोगों को बुलाया गया और उनसे करीब तीन लाख रुपये लूट लिए गए।

मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे शकरमंडी निवासी आकाश सेठ ने वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण के CUG नंबर पर शिकायत की। उन्होंने बताया कि डिस्काउंट रेट पर सोना देने की बात कहकर उन्हें इजरी गांव बुलाया गया था। वह दोस्त सौरभ के साथ पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने सोना देने के बजाय दोनों से पैसे लूट लिए और धमकी देकर भगा दिया।

मुकदमा दर्ज करने में लापरवाही, 5 निलंबित

शिकायत के बाद डीआईजी ने जौनपुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। रेंज की विज्ञप्ति के मुताबिक, मामले में लगाए गए हल्का प्रभारी ने समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया और आरोपियों पर ठोस कार्रवाई भी नहीं की। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उप निरीक्षक रामभुवन यादव, सिपाही राज सिंह, शिवा सिंह, हेड मुहर्रिर संतोष मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र को सस्पेंड किया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, रकम बरामद

ASP सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि चार पुलिस टीमों ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह और इंद्रजीत सरोज शामिल हैं। इनके पास से लूटे गए तीन लाख रुपये, फॉर्च्यूनर कार और चार मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह की गतिविधियों से वाहन आदि खरीदते थे। अब इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: जो अधिकारी या संवैधानिक पद पर पहुँच गया, उसे आरक्षण की क्या जरूरत, ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.