Jalaun News: थाना प्रभारी ने बीजेपी नेता से कराया नागिन डांस, एसपी ने किया सस्पेंड
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रामपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह पर भाजपा नेता दिनेश मिश्रा ने रिश्वत मांगने, कमरे में बंद कर अभद्रता करने और जबरन नागिन डांस कराने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय कुमार सिंह ने थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया है। उनके स्थान पर केपी सरोज को रामपुरा थाने की कमान सौंपी गई है।
कर्मचारी को छुड़ाने थाने पहुंचे थे भाजपा नेता
पूरी घटना के अनुसार, भाजपा नेता दिनेश मिश्रा के यहाँ काम करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस शराब के नशे में विवाद करने के आरोप में पकड़कर थाने ले आई थी। उसे छुड़ाने के सिलसिले में दिनेश मिश्रा रामपुरा थाने पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने कर्मचारी को छोड़ने के एवज में उनसे 20 बोरी सीमेंट की मांग रख दी।
दिनेश मिश्रा का दावा है कि जब उन्होंने सीमेंट देने में असमर्थता जाहिर की, तो थाना प्रभारी उखड़ गए। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया और दबाव बनाकर उनसे नागिन डांस कराया गया। आरोप यह भी है कि इसके बाद रामपुरा मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापति को भी देर रात थाने बुलाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और वैसी ही धमकी दी गई।
जालौन के रामपुरा थाने में भाजपा नेता दिनेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने एक कर्मचारी को छुड़ाने के बदले 20 बोरी सीमेंट की मांग की। मांग पूरी न करने पर भाजपा नेता को एक कमरे में बंद कर उनसे नागिन डांस कराने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापति को भी थाने बुलाकर अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप है।
पीड़ित भाजपा नेताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी के साथ मिलकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय कुमार सिंह से शिकायत की। स्थानीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी घटना को सही बताते हुए कार्रवाई का समर्थन किया। शिकायतों और थाना प्रभारी के पूर्व के खराब आचरण व लापरवाही के रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए एसपी विनय कुमार सिंह ने प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। रामपुरा थाने की कमान अब केपी सरोज को सौंप दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Also Read: Meerut News: ANTF मेरठ की सूचना पर हरिद्वार में 3 तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख का गांजा जब्त

