JEE Advanced 2025 Result: लखनऊ के श्रेयस लोहिया ने हासिल की ऑल इंडिया 68वीं रैंक
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के होनहार छात्र श्रेयस लोहिया ने JEE एडवांस 2025 में ऑल इंडिया 68वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, शिक्षकों और पूरे शहर का नाम रोशन किया है। इससे पहले, JEE मेन में श्रेयस ने ऑल इंडिया 6वीं रैंक और 100 परसेंटाइल स्कोर प्राप्त किया था। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता के बाद परिवार, स्कूल और कोचिंग संस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई।
श्रेयस के साथ ही कृष्णा अग्रवाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 75वीं रैंक हासिल की है। कोचिंग संस्थानों में इन मेधावी छात्रों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और मिठाइयां बांटी गईं। आकाश कोचिंग सेंटर में छात्रों को विशेष सम्मान भी दिया गया।
पिता ने बताया बेटे की मेहनत का राज
श्रेयस के पिता गजेंद्र लोहिया, जो दूरदर्शन में इंजीनियर हैं, ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “श्रेयस ने पूरी लगन और मेहनत से तैयारी की थी। उसकी सफलता का श्रेय उसकी खुद की मेहनत को जाता है। उसने कई-कई घंटे लगातार पढ़ाई की, खुद को लक्ष्य के प्रति समर्पित किया।”
गजेंद्र ने बताया कि सोमवार सुबह कोचिंग संस्थान से उन्हें फोन आया कि JEE एडवांस का रिजल्ट घोषित हो चुका है। जब उन्होंने ऑनलाइन रिजल्ट देखा तो यह जानकर बेहद खुशी हुई कि श्रेयस को 68वीं रैंक मिली है।
IIT दिल्ली की ओर बढ़ सकता है कदम
गजेंद्र लोहिया ने यह भी बताया कि इस रैंक के आधार पर श्रेयस को देश की किसी भी प्रमुख IIT में प्रवेश मिल सकता है। हालांकि, वे चाहते हैं कि उनका बेटा IIT दिल्ली में एडमिशन ले, जो लखनऊ से भी ज्यादा नजदीक है। बता दें कि श्रेयस का बड़ा भाई इस समय IIT रुड़की से बीटेक कर रहा है।
लखनऊ के अन्य मेधावी छात्रों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
- श्रेयस लोहिया – 68वीं रैंक
- कृष्णा अग्रवाल – 75वीं रैंक
- तत्सत मिश्रा – 775वीं रैंक
- अथर्व गुप्ता – 1152वीं रैंक
- यश पुरवार – 5884वीं रैंक
JEE मेन 2025 में लखनऊ के 50 से अधिक छात्रों ने 99 परसेंटाइल या उससे अधिक स्कोर किया था। इनमें से कई छात्रों ने एडवांस परीक्षा में भी उम्दा प्रदर्शन किया है।
रिजल्ट ऐसे करें चेक
JEE एडवांस परीक्षा में शामिल छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर देख सकते हैं।
Also Read: ‘बरसाती मेंढकों से नहीं होगा बहुजन समाज का भला’, मायावती का चंद्रशेखर आजाद पर करारा…

