JNVST Admission 2027: नवोदय की 9वीं-11वीं में एडमिशन शुरू, 30 सितंबर तक करें आवेदन
JNVST Admission 2027: नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में लेटरल एंट्री एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। JNVST 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है। इच्छुक विद्यार्थी नवोदय की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित होगी।
आवेदन के दौरान फोटो, विद्यार्थी और अभिभावक के हस्ताक्षर, आधार की जानकारी, जन्म प्रमाण पत्र और जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों की फोटो JPG फॉर्मेट में 10 से 100 KB के बीच होनी चाहिए।
11वीं में प्रवेश की पात्रता
कक्षा 11वीं के लिए जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होनी चाहिए। विद्यार्थी 2026-27 में किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से 10वीं की पढ़ाई कर रहा हो। आवेदन उसी जिले के JNV के लिए किया जा सकता है, जहां विद्यार्थी 10वीं पढ़ रहा है और जिसका वह मूल निवासी है।
परीक्षा ढाई घंटे की होगी। इसमें 100 MCQ और 100 अंक होंगे। मानसिक योग्यता, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित से 20-20 प्रश्न आएंगे। नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
9वीं के लिए भी अलग नियम
कक्षा 9वीं के लिए विद्यार्थी का 2026-27 में संबंधित जिले के स्कूल में 8वीं में पढ़ना जरूरी है। जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। परीक्षा में गणित और सामान्य विज्ञान से 35-35, अंग्रेजी और हिंदी से 15-15 प्रश्न होंगे। कुल 100 अंक होंगे और नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
11वीं के अभ्यर्थी अधिकतम दो स्ट्रीम और प्रत्येक स्ट्रीम में अधिकतम तीन JNV का विकल्प चुन सकते हैं। ग्रामीण कोटे और SC/ST/OBC या दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को संबंधित प्रमाण पत्र देना होगा।

