बिना फीस दिए घर बैठे सीखें AI से लेकर कोडिंग तक, ये 8 सरकारी प्लेटफॉर्म आएंगे काम
Government Learning Platforms: अब नई चीजें सीखने या अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाने के लिए महंगे कोर्स और कोचिंग पर हजारों रुपये खर्च करना जरूरी नहीं है। इंटरनेट की मदद से घर बैठे कई सरकारी और शैक्षणिक प्लेटफॉर्म पर पढ़ाई की जा सकती है। इन पर स्कूल की किताबों से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, डेटा साइंस, गणित, विज्ञान और मैनेजमेंट तक के कोर्स उपलब्ध हैं।
कुछ प्लेटफॉर्म पर वीडियो लेक्चर और डिजिटल किताबें मिलती हैं, जबकि कुछ पर नौकरी और इंडस्ट्री से जुड़ी स्किल्स सीखने का मौका मिलता है। हालांकि, ध्यान रखें कि हर प्लेटफॉर्म पर सभी सुविधाएं मुफ्त नहीं हैं। कई जगह पढ़ाई का मटेरियल बिना फीस मिलता है, लेकिन परीक्षा देने या सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए शुल्क देना पड़ सकता है। इसलिए किसी कोर्स में दाखिला लेने से पहले उसकी फीस और नियम जरूर जांच लें।
-
SWAYAM: कक्षा 9 से पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई
वेबसाइट: swayam.gov.in
SWAYAM यानी Study Webs of Active-learning for Young Aspiring Minds शिक्षा मंत्रालय की पहल है। इस प्लेटफॉर्म पर कक्षा 9वीं से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं।
यहां वीडियो लेक्चर, पढ़ने के लिए स्टडी मटेरियल, असाइनमेंट और सवाल-जवाब के लिए चर्चा मंच मिलता है। विद्यार्थी कंप्यूटर साइंस, प्रोग्रामिंग, AI, डेटा साइंस, गणित, फिजिक्स, इकोनॉमिक्स, इतिहास और बिजनेस मैनेजमेंट जैसे विषय पढ़ सकते हैं।
-
NPTEL: IIT और IISc के शिक्षकों से पढ़ने का मौका
वेबसाइट: nptel.ac.in
इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर साइंस में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए NPTEL उपयोगी प्लेटफॉर्म है। National Programme on Technology Enhanced Learning (NPTEL) IIT और IISc की संयुक्त पहल है।
इस पर Python, Java, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे विषयों के कोर्स उपलब्ध हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग की अलग-अलग शाखाओं के साथ फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित और मैनेजमेंट भी पढ़ सकते हैं। यहां ऑनलाइन स्टडी मटेरियल मुफ्त में उपलब्ध है।
-
DIKSHA: स्कूली बच्चों के लिए डिजिटल कंटेंट
वेबसाइट: diksha.gov.in
DIKSHA यानी Digital Infrastructure for Knowledge Sharing को स्कूली शिक्षा के लिए तैयार किया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग कक्षाओं और स्कूल बोर्ड के हिसाब से पढ़ाई की सामग्री मिलती है।
विद्यार्थी गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, सामाजिक विज्ञान और कंप्यूटर साइंस के वीडियो लेक्चर, डिजिटल किताबें, क्विज और अन्य इंटरैक्टिव सामग्री का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसकी खास सुविधा किताबों में दिए गए QR कोड से जुड़ी है। इन्हें स्कैन करके संबंधित पढ़ाई का कंटेंट देखा जा सकता है। कुछ सामग्री डाउनलोड करके बिना इंटरनेट के भी इस्तेमाल की जा सकती है।
-
ePathshala: NCERT की किताबें पढ़ें ऑनलाइन
वेबसाइट: epathshala.nic.in
NCERT की किताबों से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए ePathshala काम का प्लेटफॉर्म है। इसे शिक्षा मंत्रालय और NCERT ने मिलकर विकसित किया है।
इस वेबसाइट पर स्कूल के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल किताबें और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री उपलब्ध है। यहां गणित, विज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और अलग-अलग भाषाओं की किताबें पढ़ी जा सकती हैं।
-
National Digital Library: एक जगह मिलेगी पढ़ाई की सामग्री
वेबसाइट: ndl.iitkgp.ac.in
National Digital Library of India (NDLI) उन विद्यार्थियों और लोगों के लिए उपयोगी है, जो किसी विषय पर विस्तार से जानकारी जुटाना चाहते हैं। इसे IIT खड़गपुर ने शिक्षा मंत्रालय के तहत विकसित किया है।
यह एक डिजिटल लाइब्रेरी है, जहां किताबें, रिसर्च पेपर, लेक्चर वीडियो, थीसिस और प्रेजेंटेशन से जुड़ी सामग्री मिलती है। इंजीनियरिंग, मेडिकल साइंस, फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित, इतिहास, साहित्य और कंप्यूटर साइंस जैसे विषयों की जानकारी यहां खोजी जा सकती है।
-
SWAYAM Plus: नौकरी और इंडस्ट्री से जुड़ी स्किल्स
वेबसाइट: swayamplus.education.gov.in
SWAYAM Plus को इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से नई स्किल्स सिखाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह शिक्षा मंत्रालय की पहल है और इसे IIT मद्रास लागू कर रहा है।
इस प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, बैंकिंग, फाइनेंस, मैनेजमेंट, उद्यमिता और नई टेक्नोलॉजी से जुड़े कोर्स मिलते हैं। यहां इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ मिलकर तैयार किए गए कोर्स भी उपलब्ध हैं।
इसका मकसद विद्यार्थियों और नौकरी करने वाले लोगों को ऐसी स्किल्स सीखने का अवसर देना है, जो उनके करियर में मददगार हो सकती हैं।
-
Skill India Digital Hub: करियर के लिए सीखें नई स्किल्स
वेबसाइट: skillindiadigital.gov.in
Skill India Digital Hub पर करियर और रोजगार से जुड़ी कई तरह की ट्रेनिंग के विकल्प मिलते हैं। यहां AI, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, कोडिंग, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों के कोर्स खोजे जा सकते हैं।
इसके अलावा रिटेल मैनेजमेंट, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी ट्रेनिंग के विकल्प उपलब्ध हैं।
-
SWAYAM Prabha: इंटरनेट के बिना टीवी से करें पढ़ाई
वेबसाइट: swayamprabha.gov.in
जिन विद्यार्थियों के पास हर समय इंटरनेट की सुविधा नहीं है, उनके लिए SWAYAM Prabha उपयोगी विकल्प है। यह फ्री-टू-एयर DTH चैनलों के जरिए पढ़ाई से जुड़े कार्यक्रम दिखाता है।
इस पर स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए कंटेंट उपलब्ध है। गणित, विज्ञान, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, इतिहास, भूगोल, ह्यूमैनिटीज और इंजीनियरिंग जैसे विषयों के कार्यक्रम देखे जा सकते हैं।
इसकी सबसे बड़ी सुविधा यह है कि विद्यार्थियों को इन कार्यक्रमों के जरिए पढ़ाई करने के लिए हर समय इंटरनेट पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

