कानपुर देहात में दशहरे की रात युवक की हत्या, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में दशहरे के दिन दरवाजे पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। मूसानगर थाना क्षेत्र के बाजपेई का पुरवा गांव में बृहस्पतिवार रात दो युवकों ने कथित तौर पर रामगणेश (30) पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पिता से विवाद के बाद बेटे पर किया हमला
बाजपेई का पुरवा गांव ग्राम पंचायत गुलौली के अंतर्गत आता है। यहां रहने वाले रामगणेश खेती-किसानी करते थे। उनके पिता पन्नालाल के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गांव के ही दो युवक उनके घर के दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों गाली-गलौज करने लगे और रामगणेश से पूछने लगे कि उनके पिता दशहरे के दिन आरोपियों के दरवाजे पर क्यों बैठे थे।
पन्नालाल के अनुसार, रामगणेश ने गाली देने का विरोध किया तो दोनों युवक उसे घसीटकर गांव के तिराहे पर ले गए। वहां उस पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल रामगणेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी भाग चुके थे। परिजन रामगणेश को जिला अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पत्नी और पिता का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में तनाव
रामगणेश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी रचना, पिता पन्नालाल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ राजीव सिरोही और थानाध्यक्ष अमिता वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
पत्नी ने दो युवकों पर लगाया हत्या का आरोप
सीओ राजीव सिरोही ने बताया कि मृतक की पत्नी ने दो युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: यूपी में MLC चुनाव के बीच कई जिलों में भिड़े सपा-भाजपा समर्थक, अखिलेश बोले- लूटा गया बूथ

