Kanpur News: अस्पताल में नवजात चुराते पकड़ी गई ANM, बिजली विभाग का SDO निकला मास्टरमाइंड
Kanpur News: कानपुर के घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में 10 मई को नवजात चोरी की कोशिश के मामले में पुलिस ने बिजली विभाग के SDO को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, नवजात को चोरी करने के लिए संविदा पर तैनात ANM को पांच लाख रुपये देने की डील हुई थी। मामले में पहले महिला को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान SDO की भूमिका सामने आई।
बम्हौरी गांव निवासी अवनीश की पत्नी मंजू को प्रसव पीड़ा के बाद 10 मई को घाटमपुर CHC में भर्ती कराया गया था। उसने एक बच्चे को जन्म दिया। रात करीब नौ बजे एक महिला उसके बेड के पास पहुंची और मौका पाकर नवजात को झोले में रखकर भागने लगी। बच्चे को ले जाते देख मंजू ने शोर मचा दिया। अस्पताल के गेट पर ही महिला को पकड़ लिया गया।
मोबाइल और CDR जांच से सामने आया SDO का नाम
पकड़ी गई महिला की पहचान बांदा के बबेरू थाना क्षेत्र के अनुवान गांव निवासी 42 वर्षीय गीता के रूप में हुई। वह पुखरायां के देवीपुर में संविदा ANM थी। उसे जेल भेजने के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल और CDR की जांच की। इसमें महोबा में तैनात SDO रामकुमार वर्मा से उसकी लगातार बातचीत सामने आई।
बेटे की चाहत में रची गई थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, रामकुमार वर्मा सजेती थाना क्षेत्र के सूखापुर गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं और वह बेटे की चाहत रखता था। इसी वजह से उसने ANM से संपर्क किया और पांच लाख रुपये का लालच देकर नवजात चोरी कराने की साजिश रची। पुलिस ने रविवार को SDO को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपराध कबूल करने के बाद उसे भी जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर मनोज भदौरिया ने मामले की जानकारी दी।

