राहुल गांधी को अंकल कहने पर आकाश आनंद से कांग्रेस खफा, बोली- उम्र कम होने से कोई युवाओं का नेता नहीं बन जाता
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद द्वारा राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर दिए गए बयान के बाद यूपी की राजनीति गरमा गई है। आकाश आनंद के दोनों नेताओं को अंकल कहने और संविधान को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने करारा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि केवल उम्र में छोटे होने से कोई छात्रों या युवाओं का नेता नहीं बन जाता, बल्कि उनके हक़ के लिए ज़मीन पर संघर्ष करना पड़ता है।
कांग्रेस नेता अंशु अवस्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर आकाश आनंद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर वह खुद को युवाओं का सच्चा प्रतिनिधि मानते हैं, तो उन्हें पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों पर हो रहे लाठीचार्ज जैसे गंभीर मुद्दों पर भी अपनी आवाज़ उठानी चाहिए, जिन पर वह हमेशा चुप रहते हैं।
"आकाश आनंद ने अखिलेश यादव को कहा 'अंकल'!" BSP नेता के बयान पर सियासी हलचल, VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल#AkashAnand #AkhileshYadav #BSP #UttarPradesh #BreakingNews pic.twitter.com/2zByJysi7K
— nationalist vaibhav tiwari (@vaibhavpress) August 10, 2026
संविधान का सम्मान करें
अंशु अवस्थी ने कहा कि बसपा हमेशा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के आदर्शों पर चलने का दावा करती रही है। ऐसे में आकाश आनंद को राहुल गांधी के बहाने भारत के संविधान का अपमान नहीं करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा पर संविधान बदलने के आरोप लगे, तब राहुल गांधी उसकी रक्षा के लिए सबसे आगे खड़े हुए। अगर आकाश आनंद भी भाजपा की ही भाषा बोलेंगे, तो बसपा और भाजपा के बीच क्या फर्क रह जाएगा? युवाओं की राजनीति उम्र से नहीं, बल्कि उनके सवालों और संघर्षों से तय होती है। वास्तविक मुद्दों से भागकर केवल टिप्पणी करने से कोई युवा नेता नहीं बन जाता।
क्या था आकाश आनंद का बयान
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें अंकल करार दिया था और कहा था कि अब ये दोनों नेता युवाओं का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं रहे हैं।
Also Read: Kanpur News: अस्पताल में नवजात चुराते पकड़ी गई ANM, बिजली विभाग का SDO निकला मास्टरमाइंड

