केजरीवाल को मिला लोधी एस्टेट का बंगला, लंबी तनातनी के बाद आप प्रमुख को आवंटित हुआ टाइप-VII आवास

Sandesh Wahak Digital Desk: लंबी कानूनी लड़ाई और केंद्र सरकार के साथ चली तनातनी के बाद आखिरकार आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया है। उन्हें राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख के नाते 95 लोधी एस्टेट स्थित टाइप-VII बंगला मिला है। यह आवंटन तब हुआ जब दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार की देरी पर सख्त टिप्पणी की थी।

हाईकोर्ट की फटकार के बाद केंद्र ने दी मंज़ूरी

दिल्ली हाईकोर्ट आप की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संयोजक के लिए आवास की मांग की थी। अदालत ने केंद्र के रवैये को टालमटोल वाला बताते हुए कहा था कि सरकारी आवासों के वितरण में पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित होनी चाहिए।

कोर्ट ने 16 सितंबर को साफ कहा था कि आवास आवंटन की प्रक्रिया किसी विशेष व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि समान अवसर की प्रणाली होनी चाहिए। अदालत ने केंद्र को भेदभाव के आधार पर आवास न देने की चेतावनी भी दी थी।

35 लोधी एस्टेट पर हुआ था विवाद

इससे पहले आप ने 35 लोधी एस्टेट स्थित बंगला केजरीवाल को देने का प्रस्ताव किया था। यह वही बंगला था जिसे बसपा प्रमुख मायावती ने मई में खाली किया था। लेकिन केंद्र सरकार ने विवादित रूप से उस बंगले को केजरीवाल के बजाय एक केंद्रीय राज्य मंत्री को आवंटित कर दिया था। इस फैसले के बाद यह मामला और भी गरमा गया था। हाईकोर्ट ने तब केंद्र से फटकार लगाते हुए आवंटन की प्राथमिकता और प्रक्रिया का रिकॉर्ड माँगा था।

Also Read: Jaunpur News: 100 रुपये की कहासुनी में गई एक ज़िन्दगी – पसेंवा गांव में युवक की हत्या

Get real time updates directly on you device, subscribe now.